![]()
पंचकूला में शादी के महज 24 घंटे के भीतर दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को घर से निकाल दिया गया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत मामला दर्ज किया है। बीर घग्गर (पंचकूला) की रहने वाली 23 वर्षीय अनुराधा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिचौलन मैना देवी के जरिए उसका रिश्ता कालका निवासी जय गोपाल से तय हुआ था। 14 नवंबर 2025 को सगाई के दिन ही ससुराल पक्ष के कहने पर माता मनसा देवी मंदिर में साधारण तरीके से विवाह कर लिया गया, जिसमें लड़की पक्ष ने अपने सामर्थ्य अनुसार उपहार व नकदी दिए।
लेकिन उसी रात पति और सास ने जल्दबाजी का हवाला देते हुए बाद में रीति-रिवाज से धूमधाम से दोबारा शादी करने की बात कहकर दुल्हन को मायके छोड़ दिया। मार्च 2026 में बिचौलन मैना देवी के जरिए ससुराल वालों ने लड़के के लिए सोने की चेन व अंगूठी, सास-ससुर व देवर के लिए सोने की अंगूठियां और ननद के लिए चांदी की पायल की मांग रखी। पीड़िता के पिता जो कि मजदूरी करते हैं, उन्होंने अपनी लाचारी जताई। हालांकि, रिश्तेदारों के समझाने पर 21 जून 2026 को सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह की तारीख तय हुई। 4 लाख रुपये खर्चने पर भी घर से निकाला
पीड़िता के पिता ने तंगी के बावजूद रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब 4 लाख रुपये शादी समारोह पर खर्च किए। इसके बावजूद शादी के दौरान और अगले ही दिन 22 जून को ससुराल पक्ष ने दहेज कम मिलने का ताना मारते हुए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब शादी के अगले ही दिन पति और ससुराल वाले दुल्हन को अपने घर ले जाने के बजाय बिचौलन मैना देवी के घर छोड़ आए और साफ कह दिया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उसे अपने घर नहीं रखेंगे।
Source link
शादी के 24 घंटे बाद दुल्हन को घर से निकाला:पंचकूला में पिता ने 4 लाख कर्ज लेकर दिया दहेज; अब पति पर FIR
