![]()
वाराणसी पुलिस अब 10 साल पुराने अपराधियों की कुंडली तैयार करेगी। हल्के के दरोगा और बीट के सिपाही गांव-गांव और शहर तक इन अपराधियों की सक्रियता की निगरानी करेंगे। इसकी निगरानी की रिपोर्ट बनेगी और लापरवाह दरोगा-सिपाहियों पर गाज गिरेगी। पुलिस पूर्व अपराधियों की सक्रिय पैरवी करते हुए हालिया अपराधों के साथ-साथ पूर्व मामलों में प्राप्त जमानत निरस्तीकरण के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। सरकारी वकील के जरिए कोर्ट में प्रभावी रूप से जमानत रद कराने का प्रयास करेगी। आदतन एवं गैंग बनाकर अपराध करने वालों के विरुद्ध धारा 111/112 बीएनएस की कार्रवाई कर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाएगा। अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध जब्तीकरण की कार्रवाई होगी। मोहल्लों, गांवों एवं कालोनियों में सक्रिय शोहदों, गुण्डों एवं असामाजिक तत्वों का चिन्हीकरण किया जाएगा। वाराणसी में अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम थानेदारों को पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार रात बेहतर पुलिसिंग का पाठ पढ़ाया। साइबर अपराधियों पर सरेंडर होने वाले पुलिस अफसरों को वज्र अभियान में सक्रिय होने के गुर सिखाए। शुक्रवार रात 11 बजे वाराणसी यातायात लाइन सभागार में मोहित अग्रवाल ने मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में सख्त एवं सक्रिय पुलिसिंग में साइबर अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन तथा श्रावण माह की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साइबर अपराधियों के विरुद्ध Cy-वज्र अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई, फ्रॉड नंबर, म्यूल अकाउंट एवं साइबर हॉटस्पॉट पर कार्रवाई तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विवेचनाओं का 90/60 दिवस की अवधि से पूर्व निस्तारण, ई-साक्ष्य एवं ई-समन की शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। आदतन एवं संगठित अपराधियों पर निगरानी, गैंगस्टर प्रवृत्ति के अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई, अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती, गुणवत्तापूर्ण जांच, जनसुनवाई की प्रभावी व्यवस्था तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास एंटी रोमियो अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। श्रावण माह के दृष्टिगत मंदिरों, कांवड़ मार्गों एवं घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, पुलिस सहायता केंद्र, पिकेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। RTC योजना के तहत चिन्हित मार्गों पर अतिक्रमण हटाकर यातायात सुगम बनाने सड़क सुरक्षा, रॉन्ग साइड ड्राइविंग एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इस दौरान समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
Source link
वाराणसी के 10 सालाना अपराधियों की कुंडली बनाएंगे थानेदार:1000 बदमाशों की जमानत निरस्त कराने कोर्ट जाएंगे विवेचक, कॉलोनी-गली से गुंडों का लेंगे इनपुट
