Headlines

टुंडी रोड पर हुए हादसे में बाइक सवार मरा:चाइना मोड़ से लौटते वक्त अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, धनबाद ले जाते समय दम तोड़ा




गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र में टुंडी रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मनोज कुमार यादव की मौत हो गई। मृतक बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर स्थित घोबन्नी गांव के रहने वाले थे। पेशे से चालक थे। जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार यादव माल ढुलाई के सिलसिले में चाइना मोड़ गए थे। वहां ट्रक में माल लोड नहीं हो पाने के कारण वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तिरंगा चौक पार करने के कुछ देर बाद टुंडी रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। सदर अस्पताल से धनबाद ले जाते मौत दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल मनोज कुमार यादव को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए धनबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। मनोज अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक की तलाश हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल उस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है, जिसने मनोज की बाइक को टक्कर मारी थी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है। परिवार ने खोया कमाने वाला सदस्य मनोज कुमार यादव की मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। वह पेशे से चालक थे और परिवार के लिए कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के सामने भविष्य की चिंता बढ़ गई है। इधर, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *