Headlines

Madhya Pradesh Politics | Vijayvargiya Rahul Gandhi Invite Scindia Controversy baat khari hai


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

अतिथि शिक्षकों ने सिंधिया को याद दिलाया पुराना बयान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अतिथि शिक्षकों के लिए दिया करीब छह साल पुराना बयान उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। जहां भी सिंधिया जाते हैं, स्थायी नौकरी की मांग कर रहे अतिथि शिक्षक उन्हें उनका पुराना वादा याद दिला देते हैं।

शिवपुरी में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। अतिथि शिक्षकों ने सिंधिया से मुलाकात के दौरान उनके पुराने बयान की याद दिलाते हुए कहा कि आप भी हमारे साथ ढाल और तलवार बनकर आएं।

दरअसल, सिंधिया जब कांग्रेस में थे। तब उन्होंने अतिथि शिक्षकों की मांग के समर्थन में कहा था- ‘आप चिंता न करें, आपका ढाल भी मैं बनूंगा और आपका तलवार भी मैं बनूंगा’। तब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार थी।

अब हालात बदल चुके हैं। सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हैं और केंद्र सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में अतिथि शिक्षक जब भी उन्हें उनका पुराना वादा याद दिलाते हैं, सिंधिया उनकी बात तो सुनते हैं, लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ दे नहीं पाते और उनकी बात सुनकर आगे बढ़ जाते हैं।

शिवपुरी में अतिथि शिक्षकों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनका पुराना बयान याद दिलाया है।

शिवपुरी में अतिथि शिक्षकों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनका पुराना बयान याद दिलाया है।

राहुल गांधी के प्रोग्राम के लिए विजयवर्गीय को देंगे न्योता कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द इंदौर आने वाले हैं। वे यहां आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल के दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उनके रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं।

कांग्रेस राहुल गांधी के कार्यक्रम को सिर्फ पार्टी तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसके लिए राजनीतिक दीवारें तोड़ने की भी तैयारी है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को खास जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर जाकर राहुल गांधी के कार्यक्रम का न्योता देने को कहा गया है।

राहुल गांधी के इंदौर आने को लेकर भाजपा में भी अलग तरह की उत्सुकता दिखाई दे रही है। कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल गांधी जब भी आते हैं, किसी न किसी तरह भाजपा को फायदा देकर ही जाते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि वे इंदौर आएं।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे का इंतजार कांग्रेस को भी है और भाजपा को भी। अब राहुल गांधी का दौरा किसके लिए कितना फायदेमंद साबित होगा, इसका जवाब तो 2028 के विधानसभा चुनाव के नतीजे ही देंगे।

राहुल गांधी के प्रोग्राम के लिए सज्जन वर्मा को मंत्री विजयवर्गीय को न्योता देने को कहा गया है।

राहुल गांधी के प्रोग्राम के लिए सज्जन वर्मा को मंत्री विजयवर्गीय को न्योता देने को कहा गया है।

इंदौर में बारिश की चिंता, प्रभार के जिले में बाढ़ के हालात मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर में बारिश नहीं होने की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि इंदौर बारिश के लिए तरस रहा है। इंदौर से होने के नाते उनका यहां की चिंता करना स्वाभाविक भी है, लेकिन जिस सतना जिले के विजयवर्गीय प्रभारी मंत्री हैं, वहां बारिश ने लोगों की चिंता कहीं ज्यादा बढ़ा दी है।

पहले चित्रकूट और फिर सतना में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में लोग परेशान हैं। लेकिन प्रभारी मंत्री होने के नाते कैलाश विजयवर्गीय अब तक वहां नहीं गए हैं। लोग राहत के लिए अपने प्रभारी मंत्री का इंतजार कर रहे हैं।

बारिश का असर भाजपा कार्यालय तक भी पहुंच गया। जिला भाजपा कार्यालय में घुटनों तक पानी भर गया। भाजपा जिला अध्यक्ष खुद अपने कंधे पर जरूरी कागजात और अन्य सामान उठाकर सुरक्षित जगह पर रखते नजर आए।

इसे लेकर कांग्रेस ने भी तंज कसा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास अब भाजपा दफ्तर में भी घुस गया है, लेकिन जिले के प्रभारी मंत्री अब तक सतना नहीं पहुंचे।

अब लोग तंज कर रहे हैं कि शायद मंत्री विजयवर्गीय इंदौर की बारिश की चिंता में इतने व्यस्त हैं कि उन्हें सतना की बाढ़ नजर नहीं आ रही।

मंत्री विजयवर्गीय को इंदौर में बारिश की चिंता। उनके प्रभार के जिले सतना में बाढ़ के हालात।

मंत्री विजयवर्गीय को इंदौर में बारिश की चिंता। उनके प्रभार के जिले सतना में बाढ़ के हालात।

पूर्व मंत्री ने भ्रष्टाचार की खोली पोल, फिर देनी पड़ी सफाई भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने अपनी ही पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर सियासी हलचल मचा दी। उन्होंने कलेक्टर के सामने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तों में गड़बड़ी और गरीबों से पैसे लिए जाने के आरोप लगाए।

दमोह में जयंत मलैया ने बैठक के दौरान कहा कि नेता, अधिकारी और कर्मचारी पैसे खा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब लोगों से पार्षद पैसे ले रहे हैं और नगर पालिका के कर्मचारी भी पैसे खा रहे हैं।

मलैया के इस बयान के सामने आते ही कांग्रेस को भाजपा सरकार को घेरने का मौका मिल गया। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री के बयान के बहाने भाजपा के राज में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

हालांकि, बयान पर सियासी बवाल बढ़ने के बाद जयंत मलैया ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि दमोह नगर पालिका को लेकर कलेक्टर ने बैठक बुलाई थी। दमोह नगर पालिका में कांग्रेस का अध्यक्ष है और वहां कई तरह की अव्यवस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में भारी भ्रष्टाचार है और इसी संबंध में बैठक में बात की गई थी।

मलैया ने कहा कि उनके बयान को यह कहकर प्रचारित किया जा रहा है कि वे अपनी ही सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, जबकि यह गलत है। उनके मुताबिक, कांग्रेस बेवजह मुद्दा बना रही है।

दमोह में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने कहा- नेता-अधिकारी सब पैसा खा रहे।

दमोह में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने कहा- नेता-अधिकारी सब पैसा खा रहे।

इनपुट सहयोग – कपिल मिश्रा (शिवपुरी), विजय सिंह बघेल (भोपाल), अमित सालगट (इंदौर), कैलाश दुबे (दमोह)

ये भी पढ़ें – अचानक गोली चली, दहशत में आ गए नेताजी: मंत्री के ‘कैश’ वाले इशारे की चर्चा

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का बुरहानपुर में ऐसा स्वागत हुआ कि वे सहम गए। जैसे ही उन्हें माला पहनाई जा रही थी, तभी हवाई फायर हुआ। अचानक हुई फायरिंग से वे कुछ देर के लिए दहशत में आ गए। उन्हें फायर करने वाले से कहना पड़ा- अरे, मत चला भाई। पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *