Headlines

गोगा नवमी के अगले दिन इंदौर में शहरवासी उठाएंगे झाड़ू:सफाई मित्रों के सम्मान में 6 सितंबर को ‘हम भी स्वच्छाग्रही’ अभियान




इंदौर में गोगा नवमी के अगले दिन 6 सितंबर को सफाई मित्रों के सम्मान में शहरभर में ‘हम भी स्वच्छाग्रही’ महा जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। गोगा नवमी के कारण सफाई मित्रों का अवकाश रहेगा, ऐसे में सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए इस दिन शहर के अलग-अलग वार्ड और जोनों में जनप्रतिनिधि, रहवासी, सामाजिक संगठन और नगर निगम के अधिकारी खुद सफाई करते नजर आएंगे। अभियान की शुरुआत सुबह 7 बजे राजवाड़ा से महापौर पुष्यमित्र भार्गव करेंगे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहरवासियों से अभियान में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र पूरे साल मौसम की परवाह किए बिना शहर को साफ रखने के लिए मैदान में रहते हैं। जिस दिन वे अवकाश पर हैं, उस दिन उनके सम्मान में शहरवासियों को भी सफाई की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इसके लिए निगम की ओर से पर्याप्त सफाई संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शहरभर में कई स्थानों पर चलेगा अभियान
हम भी स्वच्छाग्रही अभियान सिर्फ राजवाड़ा तक सीमित नहीं रहेगा। वार्ड और जोन स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नागरिक और विभिन्न संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान में शामिल होंगी। अभियान में विधायक, पार्षद, रहवासी संगठन, सामाजिक और धार्मिक संगठन, मार्केट एसोसिएशन, बैंकिंग संस्थाएं, लायंस क्लब, NSS, NCC, BSF, 15वीं बटालियन और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सफाई मित्रों के सम्मान में शहरवासी उठाएंगे झाड़ू
निगम का उद्देश्य इस अभियान के जरिए सिर्फ सफाई करना नहीं, बल्कि सफाई मित्रों के प्रति सम्मान जताना भी है। सालभर शहर की सफाई में जुटे रहने वाले कर्मचारियों की छुट्टी के दिन नागरिक खुद मैदान में उतरकर यह संदेश देंगे कि स्वच्छ इंदौर की जिम्मेदारी सिर्फ सफाई मित्रों की नहीं, हर नागरिक की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *