![]()
जन्माष्टमी पर कृष्ण नगरी में भक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि हर ओर कन्हैया के जयकारे गूंजते नजर आए। श्रीकृष्णोत्सव के तहत डैम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिनभर भक्ति और संगीत की स्वर लहरियां बिखरीं। शाम को प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके भजनों पर श्रद्धालु और युवा झूमते नजर आए और पूरा प्रेक्षागृह ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। कथा और संगीत का दिखा भावपूर्ण मेल जन्माष्टमी के दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला युवा कथावाचक मोहित शेवानी की प्रस्तुति ‘कृष्णानायन—सुनिए वो जो कभी कहा नहीं गया’ से शुरू हुआ। उन्होंने संगीतात्मक शैली में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े अनसुने प्रसंगों को प्रस्तुत किया। कथा और संगीत के भावपूर्ण मेल ने दर्शकों को बांधे रखा। इसके बाद हार्टफुलनेस फाउंडेशन की ओर से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई। प्रसिद्ध गायिका स्नीति मिश्रा ने ‘कृष्ण : अनंत रंग, अनंत भाव’ की प्रस्तुति से कृष्ण के विविध भावों को सुरों में पिरोया। उनके साथ अनिरबान ने भजन एवं बांसुरी वादन तथा मैत्रेयी राय ने भजन गायन किया। बांसुरी की मधुर तान और भक्ति संगीत ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया। भगवान कृष्ण और खाटू श्याम के सुनाए भजन इसके बाद कन्हैया मित्तल की भजन संध्या ने जन्माष्टमी के उत्सव को चरम पर पहुंचा दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और खाटू श्याम की भक्ति से जुड़े लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘श्याम से मिलने का सत्संग’, ‘मेरे बांके बिहारी लाल’, ‘कीर्तन की है रात’, ‘हारे के सहारे आजा’ जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु तालियां बजाते और झूमते नजर आए। कन्हैया मित्तल की आवाज में कृष्ण भक्ति और श्याम भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भजनों के बीच श्रद्धालु लगातार ‘राधे-राधे’ और ‘श्याम बाबा की जय’ के जयकारे लगाते रहे। संगीत की लय बढ़ने के साथ प्रेक्षागृह में मौजूद युवा भी भक्ति में झूमते दिखाई दिए।
Source link
कन्हैया मित्तल के भजनों पर झूमी कृष्ण नगरी:राधे-राधे’ के जयकारों से गूंजा पाञ्चजन्य,श्रीकृष्णोत्सव में जन्माष्टमी की शाम रही भक्ति संगीत के नाम
