![]()
कोटा के स्टेशन रंगपुर क्षेत्र के प्रताप कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक मकान में रखे सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही घर में मौजूद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें कमरे में फैलने लगीं। परिजनों ने कपड़े और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कमरे में रखा घरेलू सामान आग की चपेट में आने से जल गया। मकान मालिक रामकुमार झा ने बताया कि शुक्रवार रात सिलेंडर की नलची में अचानक आग लग गई थी। कुछ ही देर में आग तेजी से बढ़ने लगी। उन्होंने और परिवार के अन्य सदस्यों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग कमरे में फैलती जा रही थी। इसी दौरान कॉलोनी के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link
मकान के अंदर लगी आग:सिलेंडर धधका, कमरे का सामान जला,फायर ब्रिगेड ने पाया काबू,बड़ा हादसा टला
