कुरुक्षेत्र CIA-2 ने अभिषेक की टांग में गोली मारकर पकड़ा था, क्योंकि वो भागने की कोशिश कर रहा था। अस्पताल में भर्ती आरोपी अभिषेक और इनसेट में उसकी फाइल फोटो।
कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के पूर्व मेंबर एवं ठेकेदार से 2 लाख रुपए लूटने वाले आरोपी पहले भी जेल की हवा खा चुके हैं। इनके खिलाफ जिला कुरुक्षेत्र और कैथल में पहले से स्नैचिंग और बाइक चोरी के केस दर्ज
.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक उर्फ अभी निवासी बलबेड़ा, आशीष उर्फ बिल्ला निवासी बलबेड़ा और अमित उर्फ अंकित निवासी हजवाना जिला कैथल से लूटा गया कैश और वारदात में इस्तेमाल बाइक को रिकवर करना है। अभिषेक के खिलाफ स्नैचिंग और बाइक चोरी के 5 और उसके साथी आशीष के खिलाफ बाइक चोरी के 3 केस हैं।

लूट के बाद सीसीटीवी फुटेज में बाइक लेकर भागते तीनों बदमाश।
बाइक से पीछा कर लूटे 2 लाख
पुलिस जांच के मुताबिक, HSGMC के पूर्व मेंबर सतपाल सिंह 1 सितंबर की शाम अपने मिस्त्री को 2 लाख रुपए देने के लिए बाइक पर निकले थे। गुहला-चीका रोड पर हुडा ग्राउंड के पास पहुंचते ही बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनको निशाना बनाया। उन्होंने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही 2 लाख रुपए लूटकर धक्का देकर बाइक से फरार हो गए।
सतपाल सिंह ने अपने जानकार के साथ उनका पीछा भी किया, लेकिन तीनों स्योंसर जंगल की तरफ भाग गए। बाद में सतपाल सिंह को अस्पताल भर्ती करवाया गया, क्योंकि धक्का देने वे बाइक समेत गिर गए थे और उनको चोटें लगी थीं। शिकायत के बाद थाना सिटी पिहोवा में केस दर्ज कर CIA-2 ने जांच शुरू की।

अस्पताल में घटना के बाद परिवार से बातचीत करते HSGMC के पूर्व मेंबर सतपाल सिंह।
हरिद्वार से पकड़ गए
वारदात के बाद आरोपी हरिद्वार भाग गए। CIA-2 ने तीनों को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। रास्ते में लाडवा रोड पर कड़ामी गांव के पास अभिषेक ने पेशाब करने के लिए गाड़ी रुकवाई थी। दो पुलिसकर्मी उसे बाहर लेकर गए। इसी दौरान अभिषेक ने दोनों पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका।
बाईं टांग में मारी गोली
इसके बाद पुलिस ने फायरिंग की। गोली अभिषेक की बाईं टांग में लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अदालत ने अभिषेक, आशीष और अंकित को 8 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस पता लगा रही है कि जमानत पर आने के बाद इन्होंने कितनी वारदात की।
