Headlines

भोपाल के कारोबारी को फ्लैट में बंधक बनाया:गर्दन पर चाकू रखकर लूटे मोबाइल-टैबलेट, करोड़ों का काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया




भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में कंपनी में निवेश और करोड़ों रुपए का काम दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी को फ्लैट में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले कारोबारी को अपनी टीम के साथ काम करने पर कुल मुनाफे का 3 प्रतिशत देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसे विदिशा ले जाकर इंटरनेट बैंकिंग की ID और पासवर्ड लिए। बाद में भोपाल लाकर कटारा हिल्स की एक मल्टी के फ्लैट में बंधक बना लिया। आरोप है कि वहां चार लोगों ने कारोबारी के दोनों हाथ पकड़कर उसकी गर्दन और पेट पर चाकू लगा दिए। धमकाकर उसके दो मोबाइल, टैबलेट और बैंक की चेकबुक छीन ली गई। कटारा हिल्स पुलिस ने मामले में हर्ष मेहरा और रोनित राज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। WhatsApp कॉल से शुरू हुआ संपर्क सेमिनिया गौंड, भदभदा रोड निवासी 47 वर्षीय यशवंत लोधी ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले उसके मोबाइल पर दीपक नाम के व्यक्ति का WhatsApp कॉल आया था। उसने खुद को कारोबारी बताते हुए यशवंत की कंपनी एरोसन सोलर एंड वाटर पंप कॉन्ट्रैक्ट प्राइवेट लिमिटेड में निवेश करने की इच्छा जताई। इसके बाद उसे एमपी नगर बुलाया गया। वहां दीपक के साथ एक अन्य व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम हरीश दुबे बताया। दोनों ने यशवंत को बताया कि उनके पास काम करने वाली टीम है और कई बड़ी साइट हैं, जिनमें लाखों-करोड़ों रुपए का काम मिलता है। उन्होंने कहा कि उनके पास कंपनी और करंट अकाउंट नहीं है। यदि यशवंत उनके साथ काम करता है तो उसे कुल मुनाफे का 3 प्रतिशत दिया जाएगा। विदिशा ले जाकर बैंकिंग की जानकारी ली यशवंत के मुताबिक, अगले दिन दीपक और हरीश उसे अपने साथ विदिशा ले गए। वहां रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में वे रुके। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने काम करने के नाम पर यशवंत की इंटरनेट बैंकिंग की ID और पासवर्ड ले लिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि अगला काम भोपाल में किया जाएगा। फ्लैट में ले जाकर चाकू अड़ाया 31 अगस्त की रात करीब 2 बजे दीपक उर्फ रोहन बिष्ट और हरीश दुबे उसे कटारा हिल्स की एक मल्टी के पांचवें फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 509 में ले गए। यशवंत के अनुसार, वहां पहले से रोनित राज और हर्ष मेहरा मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और धमकाया कि अब वह उनके कब्जे में है। शिकायत के मुताबिक, हर्ष ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए, रोनित ने पीछे से सिर पकड़कर गर्दन पर चाकू लगा दिया। वहीं दीपक ने उसके पेट पर चाकू अड़ा दिया। हरीश ने उसके पास मौजूद एक Apple और एक Samsung मोबाइल, Samsung टैबलेट और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की चेकबुक छीन ली। काम में दखल देने पर जान से मारने की धमकी यशवंत ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनके काम में दखल दिया तो उसे जान से मार देंगे। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि चारों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत रोजगार और बड़े काम का झांसा देकर पहले उससे संपर्क किया और बाद में उसका अपहरण कर फ्लैट में बंधक बना लिया। कटारा हिल्स पुलिस ने हर्ष मेहरा और रोनित राज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हर्ष मेहरा और रोनित राज की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंकिंग गतिविधियों, फ्लैट की जानकारी और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *