मोहनिया अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सेवा:कैमूर में सिविल सर्जन ने दी जानकारी; आयुष्मान-राशन कार्ड धारकों को मिलेगी छूट




कैमूर के मोहनिया और आसपास के क्षेत्रों के किडनी मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा शुरू होने जा रही है। सिविल सर्जन डॉक्टर चंदेश्वरी रजक ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिला सदर अस्पताल भभुआ में डायलिसिस सेवा पहले से ही सफलतापूर्वक चल रही है, और इसी तर्ज पर मोहनिया में भी यह सेवा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। 2 बेड की प्रशासनिक स्वीकृति मिली सिविल सर्जन के अनुसार, शुरुआत में मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल के लिए 2 बेड की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। अस्पताल में तेजी से काम चल रहा है और उम्मीद है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर यह सेवा चालू कर दी जाएगी। मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए दो बेड कम पड़ने की आशंका पर डॉक्टर रजक ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि विभाग मरीजों की आवश्यकता से पूरी तरह अवगत है। अस्पताल में जगह का प्रबंधन किया जा रहा है और बेडों की संख्या बढ़ाकर पांच करने के लिए विभाग से मांग की गई है। कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ डॉक्टर रजक ने बताया कि गरीब मरीजों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। आयुष्मान भारत कार्ड धारक मरीजों को पूरी तरह से मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जाएगी। वहीं, राशन कार्ड धारक मरीजों को शुल्क में विशेष रियायत मिलेगी। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय किडनी मरीजों को अब वाराणसी या अन्य बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *