![]()
पानीपत से शुरू हुई UGC रोल बैक आंदोलन के तहत स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा अब पंचकूला पहुंच गई है। महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में पहुंची यात्रा के समर्थन में मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में लोग जुटे और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी UGC से जुड़े निर्णय को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन से जुड़ने की अपील भी की जा रही है। यात्रा आयोजक महिपाल मकराना के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर UGC बिल अथवा संबंधित निर्णय को वापस लेने की मांग करेगा। इसके साथ ही आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा का मुद्दा भी उठाया जाएगा। बरवाला में मशाल जलाकर किया था विरोध इससे पहले रविवार देर शाम यात्रा बरवाला पहुंची थी, जहां सवर्ण समाज के युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने UGC बिल वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की और आंदोलन के समर्थन में नारियल अर्पित कर संकल्प दोहराया। बरवाला पहुंचने से पहले बतौड़ स्थित एक पैलेस में स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में शामिल लोगों ने मशाल जलाकर विरोध जताया और बरवाला बस स्टैंड पहुंचे। यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। जंतर-मंतर पर भी दिखा समर्थन आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले 3 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी स्वर्ण समाज के लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही है। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई है। आयोजकों ने पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाना चाहते हैं।
Source link
पंचकूला पहुंची UGC रोल बैक पैदल यात्रा:बिल वापस लेने की मांग, राज्यपाल को सौंपेंगे मांगपत्र; पानीपत से हुई थी शुरूआत
