![]()
बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में 6 सितंबर को तीज-तिहार का बड़ा आयोजन होगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने इस कार्यक्रम के लिए करीब 7 हजार महिलाओं को न्यौता भेजा है। इसमें सीएम और डिप्टी सीएम के साथ भाजपा-कांग्रेस की महिला विधायक और नेत्रियों को भी बुलाया गया है। इसे महिला वोट बैंक को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर हो रहे इस कार्यक्रम में 6 से 7 हजार महिलाओं के जुटने का अनुमान है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में लोकगायिका गरिमा और स्वर्णा दिवाकर की टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देगी। महिलाएं दिवाकर बहनों के छत्तीसगढ़ी गीतों पर झूमती दिखेंगी। विधायक शुक्ला ने तीज-तिहार के आयोजन की जिम्मेदारी कमल सखी युवा महिला मोर्चा को सौंपी है। कार्यक्रम में करू भात, मेहंदी और अन्य पारंपरिक गतिविधियां भी होंगी। बताया जाता है कि बेलतरा में पिछले साल के तीजा तिहार कार्यक्रम में करीब 4 हजार महिलाएं शामिल हुई थीं। इस बार आयोजन का दायरा बढ़ाकर 6 से 7 हजार महिलाओं को शामिल करने की योजना है। तीज के दिन महिलाओं के मायके जाने की परंपरा के मद्देनजर पर्व से पहले रविवार को आयोजन रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इसमें शिरकत कर सकें। सीएम, डिप्टी सीएम सहित दिग्गजों को न्यौता आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं महिला नेत्रियों, विधायक रेणुका सिंह, भावना बोहरा, शकुंतला पोर्ते, महापौर पूजा विधानी, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, शांति केदार कश्यप, शशि अमर अग्रवाल, शशि धर्मजीत सिंह एवं सुरुज धरमलाल कौशिक आदि शामिल होंगी। छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगेगा तीजा तिहार आयोजन में छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक उत्सव का रंग देखने को मिलेगा। गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर बहनों और उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं तीजहारिन माताओं और बहनों के लिए करू भात, पारंपरिक सावन झूला, बच्चों के लिए आकर्षक प्लेइंग ज़ोन की व्यवस्था की गई है। मातृशक्ति के सम्मान का उत्सव विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा है कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, प्रेम, समर्पण और हमारी समृद्ध लोकपरंपरा का प्रतीक है। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को सहेजने का प्रयास है। उन्होंने बेलतरा विधानसभा सहित बिलासपुर क्षेत्र की सभी माताओं एवं बहनों से समारोह में शामिल होकर इस सांस्कृतिक उत्सव की गरिमा बढ़ाने का आह्वान किया।
Source link
बेलतरा में 7 हजार महिलाओं को तीज-तिहार का न्यौता:सीएम साय आ सकते हैं, विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस नेत्रियों को भी बुलाया
