![]()
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या करदी। मृतक की पहचान कुलजीत सिंह पुत्र छिंदा सिंह, निवासी डल्ला राजपूतां के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक दिन पहले हुए विवाद के बाद दूसरे पक्ष ने रंजिश रखते हुए कुलजीत सिंह पर हमला किया। परिवार के सदस्यों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले सड़क पर मोटरसाइकिल रुकने को लेकर हुई थी। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल रास्ते में बंद हो गई थी,इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मोटरसाइकिल को साइड में करने की बात कही, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। इस दौरान मृतक के परिवार के सदस्य सत्ता सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। परिजनों का आरोप है कि सत्ता सिंह के साथ भी मारपीट की गई और उसे गंभीर चोटें आने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। कुलजीत सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या परिवार का आरोप है कि आज इसी विवाद को लेकर रंजिश बढ़ गई। कुलजीत सिंह ट्रैक्टर पर जा रहा था, तभी वही, लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर तेजधार हथियारों, कथित तौर पर किरचों, से हमला कर दिया। हमले में कुलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने घटना के लिए कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दादी का रो-रोकर बुरा हाल, इंसाफ की मांग मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दादी ने बताया कि पहले उनके बड़े पोते के साथ भी मारपीट हुई थी और अब छोटे पोते कुलजीत सिंह की जान चली गई। परिवार का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुलजीत सिंह पुत्र छिंदा सिंह निवासी डल्ला राजपूतां की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और परिवार जिन लोगों के नाम बताएगा, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पहले से किसी झगड़े की सूचना पुलिस के पास नहीं थी। हालांकि कुछ संदिग्धों की पहचान की बात सामने आई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिवार के बयानों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source link
अमृतसर के अजनाला में मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह:एक दिन पहले सड़क पर बाइक रुकने के विवाद में युवक की किरचों से हत्या
