Headlines

प्रदेशभर में 90% से ज्यादा शिक्षक प्रभावित:शिक्षक दिवस पर ही शिक्षकों को ‘अनुपस्थिति’ का तोहफा




शिक्षक दिवस पर शिक्षक स्कूल पहुंचे, बच्चों को पढ़ाया और तय समय तक ड्यूटी की, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उनकी उपस्थिति ही दर्ज नहीं हुई। शिक्षक एप पर कई शिक्षकों को अनुपस्थित बता दिया गया। अनुपस्थिति का मैसेज पहुंचते ही शिक्षकों में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने अधिकारियों को फोन कर बताया कि वे स्कूल में मौजूद हैं। कई शिक्षकों ने अपनी मौजूदगी साबित करने के लिए स्कूल परिसर से फोटो भी अधिकारियों को भेजे। शुरुआत में शिक्षकों को लगा कि तकनीकी समस्या कुछ लोगों के साथ हुई है। दूसरे स्कूलों के शिक्षकों से बात करने पर पता चला कि कई स्कूलों में अधिकांश शिक्षक और कुछ जगह पूरा स्टाफ ही एप पर अनुपस्थित दिख रहा है। शिक्षक दिवस पर एक ओर स्कूलों में बच्चे अपने शिक्षकों का सम्मान कर रहे थे, वहीं शिक्षक अपनी उपस्थिति दुरुस्त कराने के लिए परेशान होते रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों से ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं हुई होगी। उन्होंने समस्या दिखवाने और जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार जो शिक्षक स्कूल में मौजूद थे, उनकी अटेंडेंस दर्ज की जाएगी। टीचर्स बोले- स्कूल में मौजूद, रिकॉर्ड में गायब इस मामले को लेकर शिक्षकों में नाराजगी भी दिखाई दी। शिक्षकों का कहना था कि शिक्षक दिवस पर भी वे पूरी ईमानदारी से स्कूल पहुंचे और निर्धारित समय तक ड्यूटी की, लेकिन सिस्टम ने उन्हें गैरहाजिर कर दिया। शिक्षक आपस में यह भी पूछते नजर आए कि तुम्हारी भी अनुपस्थिति लगी है क्या? कुछ शिक्षकों ने तंज कसते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर इससे बेहतर तोहफा और क्या हो सकता है- शिक्षक स्कूल में मौजूद और सरकारी रिकॉर्ड में गायब। प्रदेशभर के शिक्षक परेशान हुए: संघ
शासकीय शिक्षक संघ के संरक्षक हरीश बोयत, प्रदेश अध्यक्ष राकेश दुबे और जिलाध्यक्ष प्रवीण यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सिर्फ इंदौर ही नहीं, प्रदेशभर में यही स्थिति बनी है। प्रदेश के अन्य शहरों के शिक्षकों ने भी इस समस्या की जानकारी दी है। संघ का दावा है कि स्कूल पहुंचे 90 फीसदी से ज्यादा शिक्षकों को अनुपस्थित बताया गया। तकनीकी कारणों से हुआ: डीईओ शिक्षकों की ई-अटेंडेंस नहीं लगना और अनुपस्थित बताना तकनीकी कारणों से हुआ होगा। इसको हम दिखवाएंगे। जो भी शिक्षक मौजूद थे, उनकी अटेंडेंस लगेगी। किसी को भी परेशानी नहीं आएगी। – शौर्य मल्होत्रा, जिला शिक्षाधिकारी, इंदौर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *