![]()
हिसार जिले के बालसमंद में नायब तहसीलदार धर्मपाल ने रविवार को इलाके के कई कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर अब तक बनाई गई फार्मर आईडी का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए जानकारी दी। रविवार को नायब तहसीलदार धर्मपाल सीएससी सीसवाला पहुंचे। इस दौरान पटवारी मुकेश कुमार भी उनके साथ थे। अधिकारियों ने किसानों से जल्द से जल्द फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। फार्मर आईडी से किसानों को मिलेगा लाभ नायब तहसीलदार ने बताया कि जिन किसानों के नाम पर कृषि भूमि लिखी है, उनके लिए फार्मर आईडी बनवाना जरूरी है। सरकार की तरफ से किसानों को मिलने वाले कई लाभों को फार्मर आईडी से जोड़ने का काम चल रहा है। फार्मर आईडी के जरिए किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि अनुदान समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल के लिए जरूरी भविष्य में डीएपी, यूरिया जैसी खाद और सब्सिडी वाले कृषि उपकरणों का मिलना भी किसान की डिजिटल पहचान से जोड़ा जा सकता है। इसके अलावा हरियाणा सरकार के मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल समेत अन्य कृषि संबंधी सेवाओं में भी फार्मर आईडी जरूरी होगी। इससे किसान की जमीन और कृषि संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। अधिकारियों ने बताया कि फार्मर आईडी के जरिए किसान की भूमि संबंधी जानकारी को डिजिटल रिकॉर्ड और आधार से जोड़ने में सहायता मिलेगी। इससे कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को बार-बार पटवारी या अन्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में भी मिलेगी सहायता फार्मर आईडी से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने में भी सहायता मिलेगी। इससे सरकारी सहायता असली और पात्र किसानों तक पहुंचाने में आसानी होगी। नायब तहसीलदार धर्मपाल ने किसानों से अपील की कि जिन किसानों के नाम पर कृषि भूमि है, वे अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर फार्मर आईडी बनवाएं, ताकि भविष्य में कृषि योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
Source link
नायब तहसीलदार ने सीएससी केंद्रों पर फार्मर आईडी जांची:बालसमंद में किसानों को जल्द बनवाने के लिए जागरूक किया, बोले-सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
