Headlines

पठानकोट में मानदेय-राशन को लेकर आंगनबाड़ी वर्करों का हल्लाबोल:मंत्री कटारूचक्क का आवास घेरा, कहा-चहेती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए राशन रोका




पंजाब सरकार के खिलाफ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज ऑल पंजाब आंगनबाड़ी यूनियन की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक के घर के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से भारी संख्या में पहुंची आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों ने पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी वर्करों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों का मानदेय दोगुना करने समेत कई वादे किए थे। लेकिन, सरकार बनने के बाद इन वादों को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। यूनियन प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि उन्हें मिलने वाला मानदेय भी कई बार समय पर नहीं मिलता है। इससे उन्हें आर्थिक दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन की सप्लाई बंद, ठेकों में हेराफेरी का आरोप यूनियन प्रतिनिधियों का आरोप है कि पंजाब सरकार आंगनबाड़ी वर्करों के साथ सरेआम धक्केशाही कर रही है। राशन की किल्लत: आंगनबाड़ी सेंटरों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए आने वाला पौष्टिक आहार और सामान सरकार की ओर से पिछले काफी समय से नहीं भेजा जा रहा है। कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप: यूनियन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार या तो सप्लाई पूरी तरह बंद कर चुकी है या फिर अपनी पसंदीदा (चहेती) कंपनियों को सामान बनाने का ठेका देकर राशन वितरण में हेराफेरी कर रही है। अधूरा मानदेय: वर्करों ने कहा कि वे पिछले कई सालों से बेहद मामूली पैसों (मानदेय) पर दिन-रात काम कर रही हैं, लेकिन सरकार ने उनके वेतन/मानदेय में एक रुपए की भी बढ़ोतरी नहीं की है। इसके अलावा, यूनियन ने ‘मावां धियां’ योजना के तहत किए जा रहे कामों के बदले सही मेहनताना न मिलने का मुद्दा भी उठाया। 2027 के विधानसभा चुनावों में सबक सिखाने की चेतावनी यूनियन की प्रांतीय उप-प्रधान हरगोबिंद कौर ने मंत्री के निवास के बाहर धरने को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य भर की आंगनबाड़ी वर्कर अपने हक और सुविधाओं के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि यदि पंजाब सरकार ने उनकी जायज मांगों को तुरंत पूरा न किया और सेंटरों में राशन की सप्लाई बहाल न की, तो आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में आंगनबाड़ी वर्कर आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर इसका मुंहतोड़ जवाब देंगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *