![]()
नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जीरन पेट्रोल पंप के पास हुआ, जब एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, तालखेड़ा निवासी जुनैद (9) पिता अकबर खान, समीर (11) पिता अकबर खान, अरबाज खान (24) पिता इनायत खान और निकुम चौराहा निवासी इस्माइल खान (17) पिता अजीज खान एक ही बाइक पर सवार थे। ये सभी हरकियाखाल घूमने गए थे। दोपहर में जब वे वापस लौट रहे थे, तभी जीरन पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल हुए चारों लोग करीब आधे से एक घंटे तक सड़क पर ही पड़े रहे। बाद में राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत जीरन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद 11 साल के समीर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल जुनैद, अरबाज और इस्माइल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जीरन पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Source link
ट्रैक्टर की टक्कर से 11 साल के बच्चे की मौत:3 घायल; आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे; पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
