![]()
कोटपूतली में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता और एसपी सतवीर सिंह ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर BLO और मतदान दलों से चुनाव प्रक्रिया की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग के नियमों की पूरी पालना हो। मतदाताओं के लिए आने-जाने की सुविधा, छाया, पीने का पानी और बैठने जैसी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। 100 मीटर के दायरे में प्रचार सामग्री नहीं होगी जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की प्रचार सामग्री, पोस्टर या बैनर नहीं होने के निर्देश दिए। ऐसी सामग्री मिलने पर उसे तुरंत हटाने को कहा गया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ या ऐसी किसी गतिविधि पर रोक लगाने के निर्देश दिए, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। मतदान दलों को सभी मतदाताओं के साथ समान और निष्पक्ष व्यवहार करने तथा पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। एसपी ने जांची सुरक्षा व्यवस्था एसपी सतवीर सिंह ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और मतदान प्रक्रिया में रुकावट डालने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के साथ मतदाताओं को सुरक्षित और डर-मुक्त माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण निरीक्षण के दौरान पावटा-प्रागपुरा नगर पालिका के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल प्रागपुरा और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भांकरी मतदान केंद्रों का जायजा लिया गया। इसके अलावा कोटपूतली नगर परिषद के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बड़ाबास कोटपूतली, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मोलहेड़ा, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल गौनेड़ा और पनियाला मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया।
Source link
कलेक्टर-SP ने संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों का किया निरीक्षण:100 मीटर दायरे में प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश
