![]()
देवरिया में बिहार के सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार में मंगलवार दोपहर एक ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश की गई। तीन बाइक से आए छह बदमाशों ने नीरज ज्वेलर्स में घुसकर लूटने का प्रयास किया। कारोबारी दिलीप वर्मा (42) ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से कई वार कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बाजार में डर फैलाने के लिए फायरिंग भी की। शोर सुनकर दुकानदार और ग्रामीण इकट्ठा हुए तो चार आरोपी भाग निकले, जबकि दो बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया। घायल कारोबारी दिलीप वर्मा को इलाज के लिए देवरिया के महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखकर मंगलवार शाम करीब छह बजे उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों आरोपियों को ग्रामीणों से अपने साथ ले गई। टड़वा चट्टी गांव निवासी दिलीप वर्मा चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तीन बाइक से छह युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि कुछ बदमाश दुकान के अंदर गए और गहने देखने के बहाने कारोबारी को हथियार दिखाकर लूटने की कोशिश की। कारोबारी ने विरोध किया और एक आरोपी का हथियार पकड़ लिया। तभी दूसरे आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। घायल कारोबारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग दुकान की तरफ भागे। इसी दौरान बाहर खड़े बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से बाजार में हड़कंप मच गया। फायरिंग और शोर सुनकर दुकानदारों और ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। लोगों को अपनी तरफ आते देख चार आरोपी बाइक से भाग गए। वहीं, ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। लोगों ने दोनों को एक दुकान में बंद कर दिया और पुलिस को बताया।
Source link
देवरिया में बदमाशों ने ज्वैलरी कारोबारी को मारा चाकू:दिनदहाड़े लूटपाट की, 2 पकड़े गए; घायल कारोबारी गोरखपुर रेफर
