Headlines

सांभर में निकाय चुनाव से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च:सुरक्षा व्यवस्था देखी, बोले- बिना किसी डर या दबाव के अपना वोट डालें




सांभर में नगर पालिका चुनाव से पहले मंगलवार देर शाम पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। बुधवार को होने वाले मतदान से पहले लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान एडिशनल एसपी ब्रजमोहन मीणा, डीवाईएसपी संजय शर्मा, सांभर थानाधिकारी राममिलन मीणा और सीआई राजेश वर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने शहर के मुख्य रास्तों पर पैदल मार्च किया। मुख्य बाजार में मार्च निकाला फ्लैग मार्च की शुरुआत शहर के पृथ्वीराज सर्कल से हुई। पुलिस दल पांच बत्ती चौराहा, तेली दरवाजा, गोला बाजार, पुरानी धान मंडी, बड़ा बाजार और छोटा बाजार जैसे मुख्य रास्तों से गुजरा। इसके बाद दल वापस पृथ्वीराज सर्कल पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पैदल घूमकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से चुनाव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। मतदाताओं से कहा गया कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपना वोट डालें। पुलिस ने साफ किया कि मतदान के दौरान गड़बड़ी या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव ड्यूटी को लेकर जरूरी निर्देश दिए फ्लैग मार्च से पहले एडिशनल एसपी ब्रजमोहन मीणा ने सांभर थाने में पुलिस टीम की बैठक ली। उन्होंने चुनाव ड्यूटी को लेकर जरूरी निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को कहा गया कि वे मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखें। साथ ही, मतदाताओं के साथ अच्छे से पेश आएं और मतदान केंद्रों पर आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों और मतदान केंद्रों के आसपास खास ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। चुनाव से ठीक पहले हुए इस फ्लैग मार्च से शहर में पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा का संदेश पहुंचा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी पुलिस बल तैनात रहेगा। हर मतदाता को सुरक्षित माहौल में वोट डालने का मौका मिलेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *