Headlines

साधु यादव के शक्ति प्रदर्शन की गूंज लखनऊ तक पहुंची:सपा प्रमुख ने गोरखपुर से चुनाव लड़ चुके सभी प्रत्याशियों को बुलाकर बात की




कैंपियरगंज विधानसभा में सपा के भीतर चल रही लड़ाई कुछ दिन के लिए थम सकती है। खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से घोषित प्रत्याशी बताने वाले नवीन यादव के रोड शो के जवाब में साधु यादव ने रोड शो निकालकर हलचल पैदा कर दी। कई दिनों तक वह अपनी बात सपा प्रमुख तक पहुंचा नहीं पाए थे लेकिन उनके शक्ति प्रदर्शन की गूंज राष्ट्रीय अध्यक्ष के कानों तक पहुंच गई। उन्होंने मंगलवार को उन सभी प्रत्याशियों को अपने पास बुलाया था, जो गोरखपुर के किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र से 2017 व 2022 का चुनाव लड़ चुके हैं। सपा सूत्रों की मानें तो उन्होंने साधु यादव से पूछा ‘ये कंपटीशन क्यों कर रहे हो’। साधु ने अपनी बात रखी। जिसके बाद सपा प्रमुख ने कहा कि अभी तक गोरखपुर व बस्ती मंडल में केवल चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से विनय शंकर तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। बाकी सीटों पर किसी का नाम घोषित नहीं किया। दीपावली बाद प्रत्याशियों की घोषणा होगी। गोरखपुर से यहां के जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, 2017 में सपा के टिकट पर चिल्लूपार से चुनाव लड़ चुके एवं वर्तमान में सुल्तानपुर के सांसद रामभुआल निषाद, गोरखपुर ग्रामीण से प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, पिपराइच से प्रत्याशी रहे अमरेंद्र निषाद, चौरी चौरा से दावेदारी करने वाले मनुरोजन यादव, शहर से चुनाव लड़ने वाली सुभावती शुक्ला के पुत्र अरविंद शुक्ला, सहजनवा से चुनाव लड़ चुके यशपाल सिंह रावत, 2017 में कैंपियरगंज से सपा व कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकीं व साधु यादव की पत्नी चिंता यादव आदि लोग शामिल रहे। साधु ने राहत की सांस ली अखिलेश यादव ने साधु यादव से कहा है कि कंपटीशन न करिए। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे प्रत्याशी बनाए, उसके लिए सभी कार्यकर्ता जुट जाएं। सपा प्रमुख की बात सुनने के बाद साधु ने अपनी बात रखी। कैंपियरगंज का डाटा बताया। उन्होंने कहा कि 2012 में जब उनकी पत्नी चुनाव लड़ी थीं तो केवल 7 हजार वोट से हार हुई थी। 2017 में सिंबल कांग्रेस का था, इसलिए सपा के कुछ वोट भी कट गए और हार का अंतर बढ़ गया।
2022 में काजल निषाद के पक्ष में किए गए प्रचार के बारे में जानकारी दी। साधु यादव ने कहा कि मेरा परिवार उस चुनाव में किस तरह से साथ रहा, यह बात प्रत्याशी से भी पूछी जा सकती है। सपा सूत्रों की मानें तो सपा प्रमुख ने सभी नेताओं से कहा कि उन्होंने केवल चिल्लूपार से प्रत्याशी तय किया है। वहां से विनय शंकर तिवारी लड़ेंगे। अन्य किसी सीट से कोई प्रत्याशी तय नहीं है। दीपावली बाद प्रत्याशियों की घोषणा होगी। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी का प्रत्याशी होगा, सभी को मिलकर उसे जिताना है। कैँपियरगंज में थम सकती है आपसी लड़ाई साधु यादव व चिंता यादव के अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद यह माना जा रहा है कि कैँपियरगंज में छिड़ी जंग थम सकती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी ताकत दिखाकर साधु ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। माना जा रहा है कि इस विधानसभा में जारी लड़ाई अब कुछ दिनों तक थम सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *