Headlines

सीतापुर में मरीज की मौत, अस्पताल में मिली गंभीर लापरवाही:जांच में भर्ती रजिस्टर और फाइल गायब, SOP में भी लापरवाही




सीतापुर के महमूदाबाद स्थित लोहिया हॉस्पिटल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर में इलाज के दौरान मरीज महेश कुमार चौहान की मौत के मामले में अस्पताल की गंभीर लापरवाही सामने आई है। एसडीएम महमूदाबाद और सीएचसी अधीक्षक की संयुक्त जांच में मरीज की भर्ती से जुड़ी फाइल और भर्ती रजिस्टर में उसकी प्रविष्टि तक नहीं मिली। जांच में चिकित्सकीय मानकों और निर्धारित एसओपी के पालन में भी शिथिलता की पुष्टि हुई है। कार्रवाई की संस्तुति के साथ जांच रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को भेज दी गई है। जांच टीम के मुताबिक, महेश कुमार को 7 सितंबर की शाम पेट दर्द, उल्टी और बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपलब्ध दस्तावेजों और स्टाफ के बयानों के अनुसार डॉक्टर ने मरीज की जांच करने के बाद दवाएं लिखी थीं। रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई और 8 सितंबर की सुबह उसकी मौत हो गई। भाई का आरोप- गलत इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत मृतक के भाई ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह 7 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे महेश को इलाज के लिए लोहिया हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि अस्पताल में डॉ. यूएस यादव और अन्य स्टाफ ने मरीज की सही तरीके से देखभाल नहीं की। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि महेश को गलत इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और करीब सुबह 5:30 बजे उसकी मौत हो गई। हालांकि, इंजेक्शन और मौत के बीच संबंध को लेकर अंतिम स्थिति जांच और उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड से ही स्पष्ट होगी। थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग मरीज की मौत के बाद 8 सितंबर को मृतक के भाई ने महमूदाबाद थाने में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें मामले की जांच कराने, मुकदमा दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद प्रशासन की ओर से मामले की संयुक्त जांच कराई गई। भर्ती रिकॉर्ड तक नहीं मिला, कार्रवाई की तैयारी एसडीएम और सीएचसी अधीक्षक की जांच में अस्पताल के भर्ती रजिस्टर में महेश कुमार की प्रविष्टि और भर्ती फाइल उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा चिकित्सकीय मानकों और तय एसओपी के पालन में भी लापरवाही सामने आई। जांच टीम ने इन कमियों को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *