Headlines

जमशेदपुर-सोनारी दुमुहानी में LPG टैंकर से गैस रिसाव:टैंकर से अचानक शुरू हुआ गैस रिसाव, चालक ने सड़क किनारे रोका वाहन




जमशेदपुर के सोनारी दुमुहानी के पास एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर से अचानक गैस रिसाव शुरू होने से बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई। टैंकर चालक की नजर जैसे ही रिसाव पर पड़ी, उसने बिना देर किए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद उसने तत्काल कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। समय रहते सूचना मिलने और कार्रवाई शुरू होने से स्थिति बिगड़ने से बच गई। टैंकर में बड़ी मात्रा में एलपीजी गैस भरी होने के कारण रिसाव के दौरान आसपास आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर घटना की आशंका थी। पुलिस ने दोनों ओर से रोका वाहनों का आवागमन सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर से वाहनों का आवागमन रोक दिया। पुलिस ने आसपास से गुजरने वाले वाहनों को घटनास्थल से दूर रखा, ताकि किसी वाहन से निकलने वाली चिंगारी गैस के संपर्क में न आए। पुलिस की ओर से तत्काल उठाए गए इस कदम से मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनी रही। कुछ ही देर में एलपीजी कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने टैंकर का निरीक्षण कर गैस रिसाव को रोकने की प्रक्रिया शुरू की। तकनीकी टीम ने रिसाव किया बंद, बड़ा खतरा टला कंपनी की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित किया और बाद में उसे पूरी तरह बंद कर दिया। रिसाव रुकने के बाद पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने स्थिति की जांच की। सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि यदि रिसाव के दौरान किसी वाहन से निकली चिंगारी टैंकर के संपर्क में आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। एलपीजी अत्यधिक ज्वलनशील गैस होने के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती थी। हालांकि चालक ने समय रहते रिसाव देख लिया और वाहन को सड़क किनारे रोककर सूचना दे दी। टैंकर कंपनी परिसर भेजा गया पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के लिए दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया था। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों और तकनीकी टीम ने रिसाव को पूरी तरह बंद कर दिया। स्थिति सामान्य होने और किसी तरह का खतरा नहीं रहने के बाद टैंकर को कंपनी की जगह पर भेज दिया गया। पुलिस और कंपनी की टीम की तत्परता के साथ चालक की सूझबूझ से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *