Headlines

जालंधर में कल बंद का ऐलान:लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ मामला, स्कूल-कॉलेज और मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले




जालंधर में वाल्मीकि समाज ने कल बंद का ऐलान किया है। लुधियाना में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना के बाद दलित समुदाय में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में विभिन्न दलित जत्थेबंदियों द्वारा पंजाब के अलग-अलग जिलों में विरोध प्रदर्शन और बंद का ऐलान किया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर में भी संगठनों ने कल सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर पूर्ण रूप से बंद रखने का आह्वान किया है। हालांकि, आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोर (आपातकालीन सेवाएं) बंद से मुक्त रहेंगे। यह फैसला भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब’ के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि की संयुक्त अगुवाई में लिया गया। 10वीं बार हुई ऐसी घटना, सीसीटीवी की मांग को प्रशासन ने किया अनसुना
मामले की जानकारी देते हुए समाज के राजीव गोरा ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई छेड़छाड़ बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा, “यह पहली बार नहीं है, इसी जगह पर ऐसी घटना 10वीं बार हो चुकी है। पहले भी प्रतिमा के शीशे तोड़े गए थे, तब हमने प्रशासन से मौके पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी, लेकिन कोई इंतजाम नहीं किए गए।” राजीव गोरा ने आगे कहा कि जल्द ही भगवान वाल्मीकि जी का प्रगट दिवस आ रहा है और उससे ठीक पहले इस तरह की साजिश रचकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक शह पर टारगेट की जा रही प्रतिमाएं: गौरव वाल्मीकि
वहीं, गौरव वाल्मीकि ने घटना की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कुछ सियासी पार्टियां अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिलवा रही हैं। हर बार बाबा साहेब की प्रतिमा को ही टारगेट किया जाता है, लेकिन पुलिस प्रशासन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं करता। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी न होने के विरोध में ही कल जालंधर बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो यह आंदोलन पूरे राज्य स्तर पर और तेज किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *