![]()
खेल के मैदान में हार और जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं, लेकिन असली सीख इस बात में छिपी होती है कि हार के बाद हम खुद को कैसे संभालते हैं। अमेरिका की एक लिटिल लीग बेसबॉल टीम के कोच कोरी एडवर्ड्स का 17 सेकंड का भाषण इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है। 2026 लिटिल लीग वर्ल्ड सीरीज के फाइनल में हार की कगार पर खड़ी अपनी टीम के 12 साल के खिलाड़ियों को उन्होंने ऐसी सीख दी, जो खेल से कहीं आगे जिंदगी में भी काम आती है। एडवर्ड्स ने बच्चों से कहा कि नतीजा चाहे जो हो, उन्हें सिर ऊंचा रखना है, एक-दूसरे पर गुस्सा नहीं करना है और अपनी बॉडी लैंग्वेज सकारात्मक रखनी है। नेवादा के हेंडरसन की पासेओ वर्डे टीम के कोच एडवर्ड्स की टीम फाइनल में कुराकाओ के खिलाफ खेल रही थी। मैच हाथ से निकलता देख टीम के खिलाड़ी बुरी तरह निराश होने लगे थे। कुछ बच्चे आंसू रोकने की कोशिश कर रहे थे, कुछ मायूस होकर बैठे थे और कुछ एक-दूसरे को दोष दे रहे थे। उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ दिख रहा था कि उन्होंने मानसिक रूप से हार स्वीकार कर ली है। यह देखकर एडवर्ड्स ने टीम को अपने पास बुलाया और उन्हें समझाया कि मुश्किल समय में मानसिक रूप से मजबूत रहना सबसे जरूरी है। ब्रॉडकास्टर के कैमरों में कैद उनकी यह छोटी-सी स्पीच सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कोच की बात का असर भी तुरंत दिखाई दिया। मायूस बैठे बच्चे फिर मुस्कुराने लगे और मैदान में खेल रहे अपने साथियों का उत्साह बढ़ाने लगे। मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों की आंखों में आंसू जरूर थे, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला। इसके बाद पूरी टीम ने साथ बैठकर पिज्जा खाया और बास्केटबॉल खेला। दिन में स्टारबक्स के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के रूप में काम करने वाले एडवर्ड्स ने बाद में बताया कि सही तरीके से हारना नहीं सीखेंगे तो हार की कड़वाहट पिछली जीतों और अच्छी यादों पर भी भारी पड़ सकती है। उनका कहना था कि परेशानी आने पर टूटने के बजाय उसका डटकर सामना करना चाहिए और बेस्ट देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को यह भाषण मैच में किसी चमत्कारी वापसी के लिए नहीं दिया था, बल्कि एक सबक देने के लिए दिया था। उनके मुताबिक, चुनौती के समय हम किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं, यही हमारे चरित्र को दिखाता है। 12 साल की उम्र में यह बच्चों के लिए मुश्किल पल था, लेकिन आगे जिंदगी में उन्हें इससे भी बड़ी चुनौतियों का सामना करना होगा। ऐसे में असली जीत सिर्फ मुकाबला जीतने में नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में खुद को सकारात्मक रखने में है। क्योंकि जीत हमें खुशी देती है, लेकिन हार को गरिमा के साथ स्वीकार करना हमें बेहतर इंसान बनाता है।
Source link
अमेरिकी कोच की 17 सेकेंड की स्पीच वायरल:सही से हारना नहीं सीखा तो जीत का मजा नहीं ले पाएंगे, एडवर्ड्स का मंत्र
