Headlines

चंडीगढ़ में कुत्ते ने युवक का कान काटा:पार्क में किया हमला, लोगों ने मशक्कत से बचाया; PGI में करवाया भर्ती




चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा स्थित चार मंजिला मकानों के पार्क में बुधवार दोपहर एक युवक पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक के कान को अपने दांतों में दबा लिया और काफी कोशिश के बावजूद उसे नहीं छोड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कुत्ते से बचाया। तब तक उसका कान बुरी तरह कट चुका था और नीचे लटक गया था। घायल को तुरंत इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान 29 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। नीरज सफाई कर्मचारी का काम करता है। घटना बुधवार दोपहर करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। अब पढ़िए घटना कैसे और कहां हुई… अचानक कुत्ते ने किया हमला: नीरज के रिश्तेदार विक्की भट्टी ने बताया कि नीरज डड्डूमाजरा के चार मंजिला मकानों में बने पार्क में घूम रहा था। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने नीरज के कान को अपने दांतों में दबा लिया। नीरज ने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसका कान नहीं छोड़ा। इस दौरान नीरज जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाता रहा। डंडों-पत्थरों से भगाया: नीरज की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि, कई लोग इस डर से तुरंत उसके पास नहीं गए कि कहीं कुत्ता उन पर भी हमला न कर दे। इसके बाद लोगों ने डंडों और पत्थरों की मदद से कुत्ते को वहां से भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने कुत्ते को वहां से हटाया और नीरज को बचाया। हालांकि, तब तक उसके कान को गंभीर चोट लग चुकी थी और वह नीचे लटक गया था। घायल को तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया: घटना के बाद नीरज को तुरंत इलाज के लिए पीजीआई पहुंचाया गया। वहां उसे भर्ती कर लिया गया और उसका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल नीरज का इलाज चल रहा है। नीरज के रिश्तेदार विक्की भट्टी ने आरोप लगाया कि इस कुत्ते ने पहले भी तीन से चार लोगों को काटा है। उन्होंने बताया कि कुत्ते को काका नाम के व्यक्ति ने रखा हुआ है। विक्की भट्टी ने आरोप लगाया कि कुत्ते के पहले भी लोगों को काटने की बात सामने आने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और लोगों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *