Headlines

रणदीप सुरजेवाला ने केंद्र-प्रदेश की सरकार पर साधा निशाना:नरवाना में कांग्रेस सांसद बोले- भ्रष्टाचार और लूट के मॉडल पर काम कर रही




जींद जिले के नरवाना में आयोजित कांग्रेस के ‘जन अधिकार सम्मेलन’ में राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र तथा हरियाणा की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। भीषण गर्मी के बावजूद सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार और लूट के मॉडल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई से जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में यमुना नदी और अरावली क्षेत्र में अवैध खनन से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हो रहा है और पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है। सरकार ने युवाओं का भविष्य संकट में डाला : रणदीप उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और अनियमितताओं ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। रोजगार के अवसर घटने से युवा निराशा और अपराध की ओर धकेले जा रहे हैं। इसके साथ ही, उन्होंने शिक्षा संस्थानों में फीस वृद्धि का विरोध करते हुए इसे गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया। यूरिया और डीएपी की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया सुरजेवाला ने किसानों के लिए यूरिया और डीएपी की उपलब्धता तथा बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी पर सरकार नियंत्रण नहीं कर पा रही है। इसके अलावा, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। सम्मेलन के दौरान सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *