Headlines

फाजिल्का में 36 हजार प्रतिबंधित प्रिगाबलिन कैप्सूल बरामद:2 आरोपी गिरफ्तार; कार जब्त, नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस




फाजिल्का में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 36 हजार प्रतिबंधित प्रिगाबलिन कैप्सूल, 20 नशीली गोलियां और एक कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशीली दवाओं की खेप का लेनदेन करने पहुंचे थे। एसपी सतिंदर कुमार ने बताया कि एसएसपी गगन अजीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीआईए टीम ने फाजिल्का की अनाज मंडी क्षेत्र में नाकाबंदी कर एक कार को रोका। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से कैप्सूल के कई बॉक्स बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय उर्फ सनी निवासी ओडांवाली बस्ती, फाजिल्का और मनप्रीत उर्फ मनू निवासी गांव घटियावाली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक संजय टैक्सी चालक है और वह प्रतिबंधित कैप्सूल की खेप लेकर आया था, जिसे आगे किसी व्यक्ति को सौंपा जाना था। इससे पहले ही सीआईए टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कैप्सूल कहां से लाए गए और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *