Headlines

जालंधर में ‌BJP का नशे के खिलाफ प्रदर्शन:CM मान का पुतला फूंका; ढल्ल बोले-आम आदमी पार्टी की नशा विरोधी मुहिम कागजी




जालंधर के किशनपुरा चौक के पास भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पंजाब में लगातार बढ़ते नशे और आम आदमी पार्टी सरकार की विफलता के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बीजेपी नेता दिनेश ढल्ल ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज पंजाब में अपने हक और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया और प्रताड़ित किया जा रहा है। दिनेश ढल्ल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के सामने रखने का अधिकार होता है, लेकिन पंजाब में अब यह अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग बड़ी उम्मीदों के साथ जनप्रतिनिधियों के पास जाते हैं, मगर बदले में उन्हें केवल प्रताड़ना मिल रही है। अपनी बात को साबित करने के लिए दिनेश ढल्ल ने शेरों गांव के मोहनजीत सिंह का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि जब मुख्यमंत्री इलाके के दौरे पर आए थे, तब मोहनजीत सिंह ने उनसे पुलिस की ढिलाई और नशे की शिकायत की थी। लेकिन मुख्यमंत्री से गुहार लगाने का नतीजा यह हुआ कि मोहनजीत सिंह को इस कदर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि उनकी टांगें तोड़ दी गईं और वे आज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गुलजार सिंह को प्रताड़ित किया गया: ढल्ल इसी तरह एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पंजाब के वित्त मंत्री के विधानसभा क्षेत्र दिड़बा के रहने वाले गुलजार सिंह का बेटा नशे का आदी था। जब पीड़ित पिता ने अपने स्थानीय विधायक और वित्त मंत्री से मदद की गुहार लगाई, तो उन्हें सहायता देने के बजाय इतना मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आप की नशा विरोधी मुहिम को पूरी तरह से ढोंग बीजेपी नेता ने आम आदमी पार्टी की नशा विरोधी मुहिम को पूरी तरह से ढोंग करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही नशा मुक्त योजनाएं धरातल पर शून्य हैं और केवल कागजों पर ही काम चल रहा है। दिनेश ढल्ल ने दावा किया कि उन्होंने खुद मुख्यमंत्री आवास में जाकर सीएम को बताया था कि पंजाब में नशा खत्म नहीं हुआ है, बल्कि पहले से ज्यादा बढ़ चुका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *