Headlines

कान्हा में हाथियों के लिए 15 सितंबर से रिजुविनेशन कैंप:महावत और चाराकटरों को भी मिलेगा प्रशिक्षण, 16 साल से हो रहा आयोजन




मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में हाथियों की शारीरिक और मानसिक सेहत बेहतर रखने के लिए 15 से 20 सितंबर तक छह दिन का रिजुविनेशन कैंप लगेगा। यह कैंप सुपखार परिक्षेत्र में होगा। इस दौरान हाथियों को रोज के काम से अलग आराम, अच्छा खाना और सामाजिक गतिविधियों का मौका मिलेगा। कान्हा में अभी 16 हाथी हैं, जिनमें 9 नर, 6 मादा और एक नवजात बच्चा शामिल है। इनका इस्तेमाल वन्यजीवों के संरक्षण, गश्ती, निगरानी, ट्रांसलोकेशन और मानसून में खास गश्ती जैसे जरूरी कामों में होता है। कैंप में हाथियों को खास खाना दिया जाएगा और वन्यजीव चिकित्सक उनकी सेहत की जांच करेंगे। खून, मल और पेशाब के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। हाथियों की मालिश और सेवा के साथ उनके शरीर का नाप भी लिया जाएगा। रोज की गतिविधियों में हाथियों को जंगल से लाकर नहलाना, शरीर और पैरों की मालिश करना, महावत व चाराकटरों के साथ खेल गतिविधियां और शाम को खाना खिलाने के बाद जंगल में छोड़ना शामिल होगा। कैंप में महावत और चाराकटरों की ट्रेनिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा। सीनियर महावत हाथियों की देखभाल और उनके साथ काम करने के तरीके बताएंगे, ताकि इमरजेंसी में भी उन्हें अच्छे से कंट्रोल और मैनेज किया जा सके। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन हाथियों की सेहत, संरक्षण और भलाई को ध्यान में रखते हुए ऐसे रिजुविनेशन कैंप लगातार 16 साल से कर रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *