![]()
मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में 1 से 10 अक्टूबर 2026 तक दस दिवसीय शाख महोत्सव एवं इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कला, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। हिमाचल की संस्था शाख (सोसाइटी फॉर हिमाचल आर्ट एंड कल्चर, नॉलेज एंड हेरिटेज) यह आयोजन कर रही है। गुरुवार को हुई पत्रकार वार्ता में आयोजक रामपाल मल्लिक ने महोत्सव से जुड़ी जानकारी दी। रामपाल मल्लिक ने बताया कि महोत्सव का मुख्य मकसद हिमाचल प्रदेश की उन छिपी प्रतिभाओं को मंच देना है, जिन्हें बड़े आयोजनों में अपनी कला दिखाने का मौका नहीं मिल पाता। इसके अलावा, स्थापित कलाकारों को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने और सीधे जनता से जुड़ने का अवसर मिलेगा। दिखाई जाएंगी मानवीय मूल्यों को दर्शाने वाली फिल्म इस दस दिवसीय आयोजन में तीन दिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल होगा। इसमें सांस्कृतिक, सामाजिक और मानवीय मूल्यों को दर्शाने वाली संदेशप्रद फिल्में दिखाई जाएंगी। खास बात यह है कि फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों के लिए एंट्री फ्री रहेगी। महोत्सव के दौरान चार सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी। इनमें हिमाचली लोक संस्कृति के साथ लाइट क्लासिकल, हिंदी और फिल्मी गीत, नृत्य, नाटक, बॉडी बिल्डिंग और स्टैंडअप कॉमेडी जैसी प्रस्तुतियां होंगी। 50 साल से ज्यादा उम्र के दंपतियों के लिए रैंप वॉक प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। पड्डल मैदान में एक मेले का आयोजन भी किया जाएगा। यहां झूलों के साथ बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए कई तरह के स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि लोग पूरे परिवार के साथ मेले का मजा ले सकें। स्टैंडअप कॉमेडी के लिए ऑडिशन 11 अक्टूबर से गायन, नृत्य और स्टैंडअप कॉमेडी के लिए ऑडिशन 11, 12 और 13 सितंबर को होंगे। ये ऑडिशन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक होटल कम्फर्ट, स्कोडी चौक के नजदीक अस्पताल रोड मंडी के सभागार में लिए जाएंगे। गायन और नृत्य में 18 साल तक के जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। ऑडिशन पूरी तरह फ्री रहेगा। आयोजकों ने बताया कि ऑडिशन के लिए संस्था के फॉर्म के जरिए आवेदन करना होगा। निर्णायक मंडल का फैसला अंतिम और मान्य होगा।
Source link
मंडी में शाख महोत्सव और फिल्म फेस्टिवल 1 अक्टूबर से:तीन दिन प्रदर्शित होंगी सामाजिक फिल्में, गीत, नृत्य, नाटक की भी प्रस्तुति
