![]()
मंडी जिले के जोगिंदर नगर में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है। यह जीरो एफआईआर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी से मिली थी। पुलिस के अनुसार, गांव रैंस, डाकघर बसोना, तहसील लडभड़ोल, जिला मंडी के रहने वाले शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें फेसबुक के जरिए ई-सेलर शॉप, ऑनलाइन स्टोर के नाम पर ऑनलाइन व्यवसाय में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी सितारा रानी और मीरा रानी द्वारा बताए गए ऑनलाइन कारोबार में उन्होंने अलग-अलग समय पर कुल 9 लाख 63 हजार 950 रुपए से ज्यादा की रकम लगा दी। एक हजार डॉलर निकालने की कोशिश हुई फेल कुलदीप सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने ऑनलाइन कारोबार में निवेश के बाद एक हजार डॉलर निकालने की कोशिश की, तो उनसे और पैसे जमा करने को कहा गया। जब उन्होंने यह रकम देने से मना किया, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इस मामले की शिकायत पहले साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी में की गई थी। वहां से जीरो एफआईआर दर्ज कर इसे आगे की कार्रवाई के लिए जोगिन्दर नगर पुलिस थाने भेजा गया। अब जोगिन्दर नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, ऑनलाइन खातों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Source link
मंडी के व्यक्ति से 9.63 लाख रुपए ठगे:ऑनलाइन स्टोर खोलने का दिया झांसा, ज्यादा मुनाफे का लालच, दो महिलाओं पर FIR
