![]()
सीतापुर के वाल्दा कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे रम्पा रोड पर हंगामा हो गया। नगर पालिका परिषद की टीम अवैध निर्माण और कब्जे हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मंदिर के आगे बने चबूतरे को तोड़े जाने का विरोध करते हुए पिता-पुत्र प्रशासनिक टीम से भिड़ गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर पहुंचाया। मंदिर का चबूतरा तोड़ने का विरोध नगर पालिका परिषद की टीम रम्पा टॉकीज की ओर सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने पहुंची थी। टीम जेसीबी से कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान श्री बिहारी जी मंदिर के पास रहने वाले शुभम मिश्रा पुत्र जितेंद्र नाथ मिश्रा और जितेंद्र नाथ मिश्रा पुत्र स्वर्गीय मदन लाल मिश्रा ने मंदिर के आगे बने चबूतरे को तोड़े जाने का विरोध शुरू कर दिया। प्रशासनिक अधिकारी से अभद्रता का आरोप आरोप है कि विरोध के दौरान पिता-पुत्र ने हंगामा करते हुए मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जेसीबी से अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान पथराव किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी दोनों को समझाने पहुंचे, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
पुलिस से धक्का-मुक्की का भी आरोप विवाद के दौरान पुलिस ने दोनों को जीप में बैठाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान पिता-पुत्र ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए थाने जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर पहुंचाया। नगर पालिका बोली- विरोध के बाद पुलिस ने दोनों को हटाया मौके पर मौजूद नगर पालिका की प्रभारी ईओ सीमा सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान दो लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से हटाकर कोतवाली पहुंचाया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
मंदिर के आगे चबूतरा तोड़ने पर पिता-पुत्र का हंगामा, VIDEO:सीतापुर में जेसीबी पर पथराव, पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप; दोनों हिरासत में
