भास्कर न्यूज | बलरामपुर छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के संविदा प्रबंध संचालक (एमडी) महेंद्र सिंह सवन्नी की कार्यप्रणाली को लेकर कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बलरामपुर में पदस्थ छत्तीसगढ़ मंडी बोर्ड कर्मचारी महासंघ के सचिव डॉ. मलिक राम पोर्ते ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि सवन्नी के खिलाफ कर्मचारी संगठन की ओर से राखी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में संविदा प्रबंध संचालक पर कर्मचारी विरोधी और दंडात्मक कार्यप्रणाली अपनाने, अधिकारियों-कर्मचारियों को धमकाने और कार्यस्थल पर भय का वातावरण निर्मित करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पोर्ते का कहना है कि सवन्नी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कर्मचारियों को डराते-धमकाते हैं और नियम विरुद्ध कार्य करने दबाव बनाते हैं। डॉ. पोर्ते ने खुलासा किया कि महेंद्र सिंह सवन्नी पिछले 16 वर्षों से लगातार मुख्यालय में कार्यरत हैं और उनकी संविदा नियुक्ति नियमों के सर्वथा विरुद्ध की गई है। एक ही व्यक्ति को लगातार इतने वर्षों तक संविदा पर बनाए रखना कई सवाल खड़े करता है। कर्मचारी महासंघ ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से गुहार लगाई है कि महेंद्र सिंह सवन्नी की नियम विरुद्ध की गई संविदा नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, ताकि मंडी बोर्ड में सौहार्दपूर्ण माहौल बहाल हो सके।
Source link
मंडी बोर्ड संविदा एमडी के खिलाफ शिकायत, राज्यपाल से लगाई गुहार
