![]()
पन्ना पुलिस ने महोबा से एक युवक को पकड़ा है। ये ATM में पैसे निकालने आने वाले बुजुर्गों और सीधे-साधे लोगों को मदद का झांसा देकर उनके ATM कार्ड बदल लेता था और खाते से पैसे उड़ा देता था। पुलिस को आरोपी के पास से अलग-अलग खाताधारकों के 14 फर्जी ATM कार्ड, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक बैग और ठगी के 28,000 रुपए मिले हैं। वह मध्य प्रदेश के कई जिलों में घूम-घूमकर ऐसी वारदातें करता था। एक महीने पहले हुई थी शिकायत यह मामला 3 अगस्त 2026 का है। पन्ना निवासी 63 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी कृष्णदत्त दुबे एसबीआई (SBI) की मुख्य शाखा के ATM से पैसे निकालने गए थे। वहां मौजूद एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका असली कार्ड ले लिया और चालाकी से दूसरा ATM कार्ड उन्हें थमा दिया। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित का पिन नंबर भी देख लिया था। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते से अलग-अलग जगहों पर स्वाइप मशीन और ATM के जरिए कुल 28,000 रुपए निकाल लिए। खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी त्रिभुवन नामदेव (30 वर्ष) को पकड़ा। त्रिभुवन, छोटेलाल नामदेव का बेटा है और उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र के ग्यौड़ी गांव का रहने वाला है।
Source link
ATM बदलकर लाखों उड़ाने वाला पन्ना में गिरफ्तार:14 फर्जी कार्ड और बिना नंबर की बाइक मिली, महोबा से पकड़ाया
