Headlines

हरियाणा में 36 दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म:16 मांगों पर सहमति, खाली पद भरे जाएंगे; CM ने यूनियन अध्यक्ष को मिठाई खिलाई




हरियाणा में 36 दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। सरकार और सफाई कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत के बाद 16 मांगों पर सहमति बन गई है। सरकार अब खाली पदों पर भर्ती करेगी। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में शुक्रवार को सीएम नायब सैनी, मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी के साथ सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों की मीटिंग हुई। इसके बाद यूनियन के अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने सीएम को लेटर देकर हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। बता दें कि 6 अगस्त से सफाई कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर हड़ताल के दौरान झड़प भी हुई। हिसार में महिलाओं ने पुलिसवालों पर कूड़ा फेंक दिया था। हड़ताल के दौरान अब तक 73 कर्मचारी बर्खास्त और 10 नियमित कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं। मीटिंग के बाद नरेश शास्त्री ने प्रेस वार्ता कर बताया कि हड़ताल के दौरान निलंबित व हटाए गए कर्मचारियों नियमानुसार बहाल होंगे। इसके साथ ही खाली पदों पर होने वाली भर्ती में कच्चे कर्मचारियों को लगाया जाएगा। हड़ताल में टकराव के 5 बड़े मामले मंत्री की एस्कॉर्ट गाड़ी पर चढ़े फरीदाबाद में 5 सितंबर को स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने उनकी कमांडो एस्कॉर्ट गाड़ी पर चढ़कर विरोध जताया था। सफाई कर्मी हाथों में झाड़ू लेकर उनके कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए थे। बहादुरगढ़ में निगम टीम से झड़प बहादुरगढ़ में 2 सितंबर को हड़ताल के 28वें दिन रात करीब 2 बजे निगम की टीम कूड़ा उठाने पहुंची थी। हड़ताली कर्मियों ने इसका विरोध किया और टकराव की स्थिति बन गई। इस दौरान हुई झड़प में 9 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने 50 सफाई कर्मियों को हिरासत में लिया था। हिसार में पुलिस पर कूड़ा फेंका हिसार में 23 अगस्त को नगर निगम की टीम पुलिस की उपस्थिति में कूड़ा उठाने पहुंची थी। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस पर कूड़ा फेंककर विरोध जताया था। महिलाएं कूड़ा उठाने आई जेसीबी पर भी चढ़ गई थीं। जिसके बाद कई सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेने की बात सामने आई थी। सिरसा में 36 सफाई कर्मचारी हिरासत में सिरसा के डबवाली में नगर परिषद की टीम जेसीबी लेकर कूड़ा उठाने पहुंची थी। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने टीम को काम करने से रोकने की कोशिश की। विरोध बढ़ने पर 36 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया था। हिसार में ड्राइवर को घेरकर पीटा करीब एक सप्ताह पहले हिसार के ही मलिक चौक के पास कूड़ा उठाने आई निगम की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया था। ड्राइवर के अनुसार, करीब 20-25 लोगों ने गाड़ी को घेरकर शीशा तोड़ा, उसे बाहर खींचकर मारपीट की और कपड़े फाड़ने का आरोप लगा। हड़ताल के दौरान हुई झड़प की तस्वीरें यूनियन अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने बताया- क्या-क्या मांगें मानी गईं वर्दी भत्ता: सफाई कर्मचारियों को 440 रुपए प्रतिमाह वर्दी भत्ता देने पर सहमति। मेडिकल चेकअप: सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन का हर साल नगर निकाय के खर्चे पर मेडिकल चेकअप होगा। कैशलेस इलाज: नियमित कर्मचारियों, पेंशनधारकों और उनके आश्रितों को मेडिकल कैशलेस सुविधा देने की सैद्धांतिक मंजूरी। अनुकंपा सहायता: पालिका रोल के सफाई वर्कर्स की दुर्घटनावश मृत्यु पर अनुकंपा सहायता ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने की सैद्धांतिक मंजूरी। बैंक इंश्योरेंस: दुर्घटना में मृत्यु पर ₹50 लाख तथा आंशिक दिव्यांगता पर ₹25 लाख देने पर सहमति। मेडिकल छुट्टी: एक साल में 20 मेडिकल छुट्टी देने की सैद्धांतिक मंजूरी। सीवरमैन का वेतन: पालिका रोल के सीवरमैन के वेतन में ₹2,100 प्रतिमाह बढ़ाने की सैद्धांतिक मंजूरी। रेगुलर भर्ती: रिक्त पदों पर सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया तय होने के बाद नियमित भर्ती होगी। सस्पेंशन बहाली: नियमित कर्मचारियों का सस्पेंशन बहाल होगा। सेवा से हटाए कर्मचारी: सेवा समाप्त किए गए पालिका रोल और HKRNL कर्मचारियों को दोबारा सेवा में लेने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। मुकदमे वापसी: दर्ज मुकदमे वापस लेने पर भी नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई होगी। हड़ताल अवधि: हड़ताल के दिनों को अतिरिक्त कार्य कर समायोजित किया जाएगा। मृत्यु पर नौकरी: जॉब सिक्योरिटी एक्ट के तहत कर्मचारी की मृत्यु के बाद परिवार को नौकरी और ग्रेच्युटी का प्रावधान होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *