Headlines

झांसी में गणेश प्रतिमा शोभायात्रा में उमड़ी युवाओं की भीड़:छत्तीसगढ़ से आया डीजे, ग्वालियर रोड पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम




झांसी में गणेश उत्सव के लिए शुक्रवार को पुराने शहर के मानिक चौक बाजार में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा को पंडाल तक ले जाने के लिए पहली बार शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में युवा शामिल हुए। छत्तीसगढ़ से आए मशहूर देव स्टूडियो डीजे पर बॉलीवुड गानों और भजनों की धुन बजते ही युवाओं का जोश बढ़ गया। डीजे के साथ चल रही भीड़ में बड़ी संख्या में युवा सड़क पर डांस करते नजर आए। शोभायात्रा देर शाम ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू हुई। इससे पहले आयोजकों और सदर विधायक रवि शर्मा ने युवाओं से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की थी। वहीं, सोशल मीडिया पर भी शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ के देव स्टूडियो डीजे के आने की जानकारी साझा की गई थी। इसके बाद युवाओं में डीजे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू होकर बीकेडी चौराहा, आंतियाताल, आशिक चौराहा, खांडेराव गेट, पंचकुइयां, कोतवाली और सिंधी तिराहा होते हुए देर रात मानिक चौक पहुंची। यहां पंडाल में विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई।
डीजे देखने उमड़ी भीड़, सड़क पर डांस करते रहे युवा
शोभायात्रा में डीजे के पीछे युवाओं की बड़ी भीड़ चल रही थी। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, रास्ते में भी लोगों की भीड़ जुड़ती गई। डीजे पर कभी बॉलीवुड गाने तो कभी भजन बजाए गए। इस दौरान युवा सड़क पर ही डांस करते रहे। कई जगह भीड़ इतनी बढ़ गई कि यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। एक किलोमीटर लंबा जाम, राहगीर परेशान शोभायात्रा में शामिल डीजे को देखने और उसके साथ चलने के लिए उमड़ी भीड़ का असर यातायात पर भी पड़ा। ग्वालियर रोड पर दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे राहगीर काफी देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं, बीकेडी चौराहे से आंतियाताल जाने वाले मार्ग को भी शोभायात्रा के स्वागत के लिए बंद किया गया था। इससे आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव और बढ़ गया।
पहली बार शोभायात्रा में आया देव डीजे
गणेश उत्सव के दौरान मानिक चौक तक प्रतिमा ले जाने के लिए पहली बार इस तरह की शोभायात्रा निकाली गई। आयोजकों की ओर से इसे लेकर पहले से तैयारियां की गई थीं। युवाओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया पर भी शोभायात्रा और डीजे को लेकर प्रचार किया गया था। इसी के चलते यात्रा में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *