सोनीपत13 घंटे पहलेलेखक: राम सिंहमार
- कॉपी लिंक

सोनीपत की सरकारी यूनिवर्सिटी DCRUST मुरथल के प्रोफेसर पर छात्राओं ने छेड़खानी और क्लासरूम में लड़कियों को अकेला देखकर गंदे तरीके से टच करने का आरोप लगाया है।
हरियाणा के सोनीपत की सरकारी यूनिवर्सिटी DCRUST मुरथल की छात्राओं ने एक प्रोफेसर पर सेक्सुअल हैरेसमेंट के गंभीर आरोप लगाए है। कहना है कि प्रोफेसर के इस व्यवहार से वे पूरी तरह तंग आ चुकी है। प्रोफेसर गंदी नजरों से घूरता रहता है।
किसी ने किसी बहाने टच करने की कोशिश करता है। पूछता है कि प्रपोज कैसे किया जाता है। रसियन लड़की अच्छी होती है या कोई दूसरी। छात्राओं के अनुसार, इस तरह की बातें पढ़ाई के बजाय क्लास का माहौल असहज बनाती हैं।
आरोप है कि तीन बार यूनिवर्सिटी प्रशासन को तीन बार 19, 20 और 21 अगस्त को शिकायत की गई, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। विरोध में प्रोटेस्ट करने की बात कही तो जांच कमेटी बनाई, लेकिन बाद में उसे भी हटा दिया गया।
इस हैरेसमेंट की शिकार एक नहीं करीब 38 छात्राएं बताई गई है, जिन्होंने आज शुक्रवार को सांकेतिक प्रोटेस्ट किया। उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए सीएम नायब सैनी से भी इस मामले में दखल देने की मांग की है।
वहीं, छात्राओं के आरोपों पर खेल मंत्री गौरव गौत्तम ने कहा कि मामले की जांच होगी और दोषी कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. श्रीप्रकाश सिंह का कहना है कि इंटरनल कंप्लेंट कमेटी मामले की सुनवाई कर रही है।

स्टूडेंट ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर लड़कियों के कपड़ों पर कमेंट करते हैं और गंदे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।
छात्राओं ने कैमरे पर आकर ये आरोप लगाए….
- भरी क्लास में अश्लील कमेंट करने का आरोप: दैनिक भास्कर ने इन छात्राओं से बात की। एक छात्रा ने कैमरे पर आकर आरोप लगाया कि प्रोफेसर लड़कियों को गंदी नजरों से देखता हैं, उन पर भरी क्लास में गंदे कमेंट करते हैं। प्रोफेसर यह तक पूछते हैं कि प्रपोज कैसे किया जाता है। दूसरी स्टूडेंट ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने उनसे पूछा कि रसियन लड़की अच्छी होती है या कोई दूसरी।
- गालों की तरह नोटबुक लेकर आओ: प्रोफेसर लड़कियों को गलत तरीके से टच करता है। कहता है कि अपनी गालों की तरह नोटबुक लेकर आओ। एक स्टूडेंट ने गंभीर आरोप लगाते हुए कि एक दिन वह क्लास में अकेली थी। इसी दौरान प्रोफेसर ने उससे कहा कि यदि उसके कहे अनुसार चलोगी तो जिंदगी में पूरी खुश रहेगी। इस तरह के व्यवहार से वह डर गई। इस घटना के बारे में उसने अपनी फ्रेंड को बताया।
- प्रोफेसर के क्लास में आने पर असुरक्षित महसूस होता है : छात्राओं ने कहा कि प्रोफेसर के क्लास में आने पर वे खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। कई बार डर के कारण कांपने तक लगती हैं। हालात ऐसे हो गए है कि कैंपस के अंदर और बाहर कभी भी प्रोफेसर दिखाई दे जाए तो वे अपना रास्ता बदल लेती हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।
- शिकायत करने से कुछ नहीं बिगड़ेगा: स्टूडेंट्स का आरोप है कि प्रोफेसर खुद कॉन्फिडेंस के साथ कहता है कि उसके खिलाफ कितनी भी शिकायत कर दी जाए, उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। प्रोफेसर के खिलाफ अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि लड़कियां लगातार मानसिक परेशानी और हरासमेंट झेल रही हैं।

दावा किया कि 30 से ज्यादा लड़कियों के साथ इसी प्रकार के सेक्सुअल हैरेसमेंट किया गया।
छात्राओं ने हरियाणा सरकार तक पहुंचाई अपनी बात…
- 30 से ज्यादा छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार: एक छात्रा ने दावा किया कि 30 से ज्यादा लड़कियों के साथ इसी प्रकार के सेक्सुअल हैरेसमेंट और गंदे कमेंट्स को लेकर बातचीत हो चुकी है। बताया कि उनकी क्लास में 68 स्टूडेंट हैं। छात्राओं की मांग है कि संबंधित प्रोफेसर को कैंपस में नहीं रखा जाना चाहिए, क्योंकि उनके रहते जूनियर और सीनियर दोनों स्टूडेंट खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते।
- नकल के झूठे आरोप लगाने का भी दावा: स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर लड़कियों पर एग्जाम में नकल करने जैसे झूठे आरोप लगा रहे हैं, जबकि उनके मुताबिक संबंधित स्टूडेंट्स के कोई टेस्ट भी नहीं हुए हैं। उन्होंने रजिस्ट्रार से लेकर अकादमिक स्तर पर भी शिकायत दी। इंटरनल जांच कमेटी बनाई गई थी, लेकिन दो दिन की छुट्टी के बाद कमेटी को ही हटा दिया गया।
- प्रोफेसर को टर्मिनेट करने की मांग : एक छात्रा ने कहा कि उनकी मुख्य मांग है कि प्रोफेसर को सेक्सुअल हैरेसमेंट के मामले में टर्मिनेट किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्हें दोबारा यूनिवर्सिटी में पढ़ाने के लिए नहीं बुलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी कुछ सीनियर्स की ओर से इसी प्रकार के आरोप लगाए गए थे।

सोनीपत की सरकारी यूनिवर्सिटी DCRUST मुरथल।
आज से प्रोटेस्ट, सोमवार को फिर बैठक होगी
स्टूडेंट्स ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को कार्रवाई के लिए 9 सितंबर तक का समय दिया गया था। लेकिन तय समय तक कार्रवाई नहीं होने पर आज से फिर प्रोटेस्ट शुरू किया गया है। वहीं, केमिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के स्टूडेंट्स का कहना है कि आज रजिस्ट्रार ने मिलने के लिए बुलाया था।
इसके बाद इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के अध्यक्ष से भी मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे बैठक होगी। इस बैठक में फैकल्टी मेंबर को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

जानकारी देते हुए वीसी प्रो. श्रीप्रकाश सिंह।
VC बोले- दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा
दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी के VC प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि केमिकल डिपार्टमेंट के प्रोफेसर के खिलाफ छात्र से अभद्रता की शिकायत पर रजिस्ट्रार की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच कराई गई थी। बाद में मामला इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) को भेजा गया। शुक्रवार को ICC ने दोनों पक्षों को सुना। अब सुनवाई के बाद निर्णय लिया जाएगा।
VC ने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हर बच्चे की सुरक्षा यूनिवर्सिटी की जिम्मेदारी है। छात्रों को किसी भी समस्या पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा।

