- Hindi News
- National
- Breaking News Live Updates Headlines MP Rajasthan Delhi Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai
1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गुरुवार शाम टाटा मैजिक और एक ट्रक के बीच हुई टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए।
यह हादसा नांदेड़-भोकर राजमार्ग पर वाकड गांव के पास हुआ। घायलों को भोकर और नांदेड़ के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
आज की बाकी बड़ी खबरें…
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के जज के लिए आठ न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की सिफारिश की

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाई कोर्ट में 8 न्यायिक अधिकारियों को जज नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला हाई कोर्ट की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लिया गया है।
कॉलेजियम की बैठक 10 सितंबर 2026 को हुई थी। इसके बाद जारी आधिकारिक बयान में इन सभी 8 अधिकारियों को जज बनाने की सिफारिश की पुष्टि की गई।
सिफारिश किए गए अधिकारियों में गुरविंदर पाल सिंह, निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना और संजय शर्मा शामिल हैं।
मिजोरम में तीन दिनों में 14 करोड़ रुपए कीमत की की ड्रग्स जब्त, छह अरेस्ट

मिजोरम के तीन जिलों में सोमवार से बुधवार तक हुई नशा विरोधी कार्रवाई में 14 करोड़ रुपए से ज्यादा की ड्रग्स जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में पांच म्यांमार नागरिकों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई चंफाई, सैतुअल और कोलासिब जिलों में हुई। पुलिस ने 3.36 टन सूखी सुपारी भी जब्त की, जिसे म्यांमार से तस्करी कर लाने का शक है।
पुलिस के मुताबिक, सबसे बड़ी जब्ती मंगलवार को सैतुअल जिले के कैफांग में हुई। यहां 12.746 किलो मेथामफेटामाइन पकड़ी गई, जिसकी कीमत करीब 10.20 करोड़ रुपए है। बुधवार को चंफाई जिले में 994 ग्राम मेथामफेटामाइन और 141 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
असम में SP गिरफ्तार, ONGC पाइपलाइन से तेल चोरी मामले में शामिल होने का आरोप

असम के गोलाघाट जिले के सरूपथर के को-डिस्ट्रिक्ट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (CDSP) को गुरुवार को ONGC पाइपलाइन से कच्चे तेल की चोरी के मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। को-डिस्ट्रिक्ट, जिलों के भीतर छोटी प्रशासनिक इकाइयां होती हैं।
गोलाघाट के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस स्वप्ननील डेका ने PTI को बताया कि CDSP दिपेन पातर पर 3 अगस्त को सरूपथर पुलिस स्टेशन के तहत श्याम गांव में हुई चोरी में शामिल होने का आरोप है।
असम के गोलाघाट में जंगली हाथी के गले में टायर फंसा दिखा, वन विभाग की टीम ने निकाला

असम के गोलाघाट में जंगली हाथी के गले में टायर फंसा दिखा। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी से दूर रहें। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शाम को हाथी को बेहोश किया। इसके बाद हाथी को कोई चोट पहुंचाए बिना सावधानी से टायर निकाल दिया गया। अधिकारी ने बताया कि यह टायर ट्रैक्टर का था। शायद टायर जंगल में पड़ा था और हाथी ने उसे अपनी सूंड से उठा लिया, जिससे वह उसके गले में फंस गया।
सुप्रीम कोर्ट ने ऑनलाइन चाइल्ड सेक्सुअल कंटेंट पर केंद्र से जवाब मांगा, कहा- बच्चों के लिए फायरवॉल जरूरी

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बच्चों को चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन एंड एब्यूज मटेरियल (CSEAM) से बचाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने केंद्र सरकार और अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया।
बेंच ने बच्चों को ऑनलाइन कंटेंट से बचाने के लिए डिजिटल सिस्टम में फायरवॉल की जरूरत पर जोर दिया। याचिका में कहा गया है कि CSEAM को फैलाने और स्टोर करने पर सख्त सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद इंटरनेट प्लेटफॉर्म ऑटोमेटेड कंटेंट फिल्टरिंग और उम्र की जांच करने वाले सिस्टम लागू नहीं कर पाए हैं।
ISRO ने CE20 क्रायोजेनिक इंजन का सफल परीक्षण किया, LVM3 रॉकेट की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी

ISRO ने CE20 क्रायोजेनिक इंजन का 220 किलो न्यूटन के बढ़े हुए थ्रस्ट पर सफल परीक्षण किया है। इससे LVM3 रॉकेट ज्यादा वजन अंतरिक्ष में ले जा सकेगा और गगनयान मिशन को भी फायदा होगा।
ISRO ने बताया कि यह परीक्षण 9 सितंबर को तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC) में किया गया। यह होने वाले LVM3 मिशन के C32 अपर स्टेज में इस्तेमाल होने वाले इंजन का टेस्ट था।
CE20 इंजन LVM3 रॉकेट के ऊपरी हिस्से को ताकत देता है। ISRO अब इस इंजन की बढ़ी हुई ताकत वाले C32 स्टेज का इस्तेमाल भविष्य के LVM3 मिशनों में करने की तैयारी कर रहा है। इससे रॉकेट पहले से ज्यादा वजन अंतरिक्ष में ले जा सकेगा।
अहमदाबाद के 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची

गुजरात के अहमदाबाद के डीपीएस बोपल, उद्गम और जायडस स्कूल को ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें स्कूलों में पहुंचीं और जांच शुरू की।
धमकी के बाद जायडस स्कूल के छात्रों को तुरंत छुट्टी दे दी गई। स्कूल की ओर से अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा गया।
अबू सलेम की समय से पहले रिहाई की मांग खारिज, सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला बरकरार रखा

सुप्रीम कोर्ट ने 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में दोषी गैंगस्टर अबू सलेम की समय से पहले रिहाई की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस फैसले में कोई खामी नहीं पाई, जिसमें सलेम की याचिका खारिज की गई थी।
सलेम ने दावा किया था कि जेल में मिली सजा में छूट को जोड़ने के बाद वह 25 साल की सजा पूरी कर चुका है, इसलिए उसे रिहा किया जाना चाहिए। हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा था कि उसकी 25 साल की सजा 2030 में पूरी होगी। इसके बाद सलेम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सुप्रीम कोर्ट ने 27 जुलाई को मामले में फैसला सुरक्षित रखा था।
महाराष्ट्र के बीड में कार से ₹35 लाख का गांजा जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

महाराष्ट्र के बीड शहर में पुलिस ने एक कार से 70 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है। गांजा कार के अंदर कई बोरियों में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा ने बुधवार को कार को रोका और तलाशी ली। इस दौरान गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने 30 वर्षीय ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जो अमरावती जिले का रहने वाला है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
तेलंगाना में बकरियों से भरा ट्रक बिजली के खंभे से टकराया, आग लगने से ड्राइवर की मौत; 150-200 बकरियां जिंदा जलीं

तेलंगाना के महबूबनगर के भूतपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 4 बजे नेशनल हाईवे-44 पर 150 से 200 बकरियों से भरा डीसीएम ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक की डीजल टंकी फट गई और चिंगारी से उसमें भीषण आग लग गई।
हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में मौजूद सभी बकरियां आग में जिंदा जल गईं। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस ने ड्राइवर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
महाराष्ट्र के पुणे में MPSC की तैयारी कर रहे युवक ने आत्महत्या की, आर्थिक दबाव में था

महाराष्ट्र के पुणे में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 28 साल के युवक ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रथमेश देशमुख के रूप में की है।
प्रथमेश पिछले चार साल से पुणे में रहकर MPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह आर्थिक दबाव में था और उस पर कई लोगों का करीब 2.50 लाख रुपए बकाया था। उसका परिवार भी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था।
इस घटना के बीच पिछले कई दिनों से पुणे और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में MPSC अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थी खाद्य एवं औषधि प्रशासन के तहत ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-बी) पद की परीक्षा में पेपर लीक के बाद MPSC के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव से पहले BJP ने 263 सदस्यों वाली राज्य कार्यकारिणी बनाई

पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी BJP ने विधानसभा उपचुनाव से पहले बुधवार को 263 सदस्यों वाली राज्य कार्यकारिणी समिति का गठन किया। इसमें वरिष्ठ नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें सुवेंदु अधिकारी भी शामिल हैं।
अधिकारी को तामलुक संगठनात्मक जिले की जिम्मेदारी दी गई है। इसी जिले में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र आता है, जहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव होगा।
नंदीग्राम के अलावा, मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट पर भी उपचुनाव होगा। समिक भट्टाचार्य के राज्य BJP अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से ही नई राज्य कार्यकारिणी समिति का गठन एक साल से पेंडिंग था।
पुणे में MPSC की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 28 सााल एक युवक ने पुणे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें लिखा है कि उस पर लगभग 2.5 लाख रुपये का कर्ज था।
यह घटना पुणे और राज्य के अन्य हिस्सों में MPSC उम्मीदवारों के परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के ठीक बाद हुई।
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने सवाल किया कि सिस्टम बदलने से पहले और कितनी जानें जाएंगी।
चुनाव आयोग 12 सितंबर को रितब्रत बनर्जी वाले TMC गुट से मुलाकात करेगा

चुनाव आयोग 12 सितंबर को तृणमूल कांग्रेस के रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के पांच सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेगा। यह मुलाकात 22 जून को आयोग को मिले उस आवेदन के सिलसिले में हो रही है, जिसमें इस गुट ने खुद को “असली” TMC बताया है और पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा पेश किया है।
बुधवार को जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, यह बैठक दिल्ली के द्वारका स्थित ‘इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट’ (IIIDEM) में सुबह 11 बजे तय की गई है।
मनी लॉन्ड्रिंग पर सख्ती, 15 क्रिप्टो प्लेटफॉर्म बंद होंगे

वित्त मंत्रालय की फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट (एफआईयू) ने 15 वर्चुअल डिजिटल एसेट (वीडीए) सर्विस प्रोवाइडर्स को नोटिस जारी किया है। वीडीए सर्विस प्रोवाइडर क्रिप्टो और एनएफटी जैसी वर्चुअल एसेट्स के लेनदेन की सुविधा देने वाले प्लेटफॉर्म हैं। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 का पालन न करने पर हुई है।
जांच में वीक्स इंटरनेशनल एक्सचेंज, बीएलएफ ग्लोबल और बिटयूनिक्स एलएलसी जैसी संस्थाएं भारत में अवैध रूप से कारोबार करती पाई गईं। इसलिए आईटी एक्ट के तहत इनके एप और यूआरएल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

