Headlines

बालोद की बेटी भानेश्वरी ने जम्मू-कश्मीर में जीता गोल्ड:नेशनल वोवीनाम चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को हराकर छत्तीसगढ़ को दिलाया स्वर्ण; ग्रामीणों ने किया सम्मान




बालोद जिले की 19 साल की भानेश्वरी निषाद ने जम्मू-कश्मीर में हुई 15वीं नेशनल वोवीनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप-2026 में गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने इस जीत से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। भानेश्वरी गुंडरदेही ब्लॉक के कुरदी गांव की रहने वाली हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भानेश्वरी ने उत्तराखंड समेत दो राज्यों के खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ से कुल 23 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जिनमें से सिर्फ दो खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल मिला। देखिए तस्वीरें… गांव से 20 किमी दूर रोज प्रैक्टिस भानेश्वरी की इस जीत के पीछे एक महीने की मेहनत रही। उन्होंने अपने गांव से 20 किलोमीटर दूर बालोद में किराए के मकान में रहकर रोज करीब 3 घंटे अभ्यास किया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, फिर भी उन्होंने भानेश्वरी के सपने को पूरा करने में कोई परेशानी नहीं आने दी। चैंपियनशिप की फीस के लिए परिवार ने 5,780 रुपए और ट्रेन से आने-जाने के लिए करीब 3 हजार रुपए जुटाए थे। भानेश्वरी के पिता जानिकराम निषाद पिछले 20 साल से बकरी चराने का काम करते हैं। उनकी मां नेमिन बाई रोजी-मजदूरी करती हैं। भानेश्वरी के भाई लकेश्वर निषाद और बहन देहति भी निजी काम करते हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर भानेश्वरी की मदद की। इसी सहयोग और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई। गांव पहुंचने पर हुआ स्वागत गोल्ड मेडल जीतने के बाद भानेश्वरी जब गांव पहुंचीं तो ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। ग्राम पंचायत कुरदी के पूर्व सरपंच संजय साहू ने बताया कि, भानेश्वरी शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त पीजी कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। राष्ट्रीय स्तर पर गांव की बेटी की इस उपलब्धि से ग्रामीणों में भी खुशी है। आर्थिक तंगी के बीच हासिल की उपलब्धि भानेश्वरी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद माता-पिता, भाई और बहन ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए हरसंभव मदद की। फीस और यात्रा का खर्च जुटाने के बाद वह जम्मू-कश्मीर पहुंचीं। कड़े मुकाबलों के बाद गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए संघर्ष का परिणाम है। फाइट और तकनीकी प्रदर्शन में होती है प्रतियोगिता वोवीनाम वियतनाम की मार्शल आर्ट है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉम्बैट स्पोर्ट के रूप में खेली जाती है। इसमें पंच, किक, पकड़, फेंकने, आत्मरक्षा और विभिन्न मार्शल आर्ट तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी प्रतियोगिताएं मुख्य रूप से फाइट और तकनीकी प्रदर्शन दो श्रेणियों में होती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *