Headlines

सरकारी स्कूल में शिक्षिका पर बच्चों से मारपीट का आरोप:उन्नाव में 24 में 11 छात्र गैरहाजिर मिले; जांच में रोशनी कम, रसोइया 3 दिन से गायब




उन्नाव के असोहा विकासखंड के मदापुर उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका अनामिका भारती पर बच्चों से मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं। मामले की जांच के बाद खंड शिक्षा अधिकारी की 9 सितंबर की रिपोर्ट और अभिभावकों-ग्रामीणों के बयानों के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। शनिवार को एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कक्षा 6 से 8 तक कुल 24 छात्र-छात्राएं पंजीकृत मिले। शनिवार को इनमें से 13 छात्र ही स्कूल पहुंचे, जबकि 11 गैरहाजिर थे। अधिकारियों ने मौजूद बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने कहा- पढ़ाई न करने पर पिटाई करती हैं अधिकारियों के मुताबिक, कुछ छात्र-छात्राओं ने बताया कि पढ़ाई नहीं करने पर शिक्षिका उनकी पिटाई करती हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे छात्र शिवम से भी पूछताछ की गई। शिवम ने बताया कि वह शिक्षिका को बताए बिना स्कूल से बाहर दुकान पर चला गया था। शिक्षिका ने उसके अभिभावक से शिकायत की थी, जिसके बाद अभिभावक ने उसे डांटकर स्कूल जाने को कहा था। स्कूल में कई व्यवस्थाएं मिलीं खराब जांच में स्कूल में दो शिक्षिकाओं की तैनाती मिली। इनमें शिक्षिका पूर्णिमा सिंह गैरहाजिर थीं। स्कूल में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं मिली। रसोईघर की जांच में पता चला कि रसोइया तीन दिन से खाना बनाने के लिए स्कूल नहीं आ रही है। स्कूल के पास पान मसाले की गुमटी मिली स्कूल के सामने बाबा आटा चक्की के पास पान मसाले की गुमटी भी मिली। पुरवा थानाध्यक्ष की मौजूदगी में दुकानदार को स्कूल के आसपास पान मसाला समेत अन्य नशीले पदार्थ नहीं बेचने की हिदायत दी गई। दोबारा बिक्री मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आधा किमी दूर निजी स्कूल, इसलिए कम छात्र अधिकारियों की जांच में सामने आया कि मदापुर सरकारी स्कूल से करीब आधा किलोमीटर दूर एक निजी स्कूल भी संचालित है। अभिभावक अपने बच्चों को वहां पढ़ाना चाहते हैं। अधिकारियों के अनुसार, इसी वजह से सरकारी स्कूल में छात्रों की संख्या कम होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई अधिकारियों ने स्कूल में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए हैं। शिक्षिका अनामिका भारती के खिलाफ कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। फिलहाल विभाग मामले से जुड़े बयानों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *