![]()
जगराओं में दलित व्यक्ति गुलजार सिंह की कथित प्रताड़ना और आत्महत्या के मामले को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर एकत्र होकर पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूंका। आरोप है कि बेटे के नशे से परेशान गुलजार सिंह ने वित्तमंत्री हरपाल चीमा और सरकार से नशे को लेकर सवाल उठाया था। इसके चलते उन्हें प्रताड़ित किया गया था। इससे परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया। प्रदर्शनकारियों ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को तुरंत पद से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी अपने संघर्ष को और तेज करेगी। ‘नशा खत्म होने के सरकारी दावे खोखले’ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते नशे के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा। नेताओं ने कहा कि सरकार पिछले डेढ़ साल से पंजाब को नशा मुक्त करने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के अपने ही एक पार्षद के हालिया बयान का हवाला देते हुए तंज कसा। इसमें पार्षद ने स्वीकार किया था कि उनका धुम्मन मोहल्ला एक महीने पहले तक गांधी नगर की तरह नशे के कारोबार के लिए बदनाम था। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब AAP के अपने प्रतिनिधि ही मोहल्लों में नशा बिकने की बात स्वीकार रहे हैं, तो सरकार को नशा होने का और क्या सबूत चाहिए? ‘हर वर्ग पर पुलिसिया सख्ती कर रही है सरकार’ राज्य की कानून-व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में अपने हक के लिए आवाज उठाने वाले हर वर्ग को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों पर लाठियां बरसाई गईं, फिर बेरोजगार युवाओं की आवाज दबाई गई, इसके बाद सफाई सेवकों और रोडवेज कर्मचारियों के साथ सख्ती की गई और अब अध्यापकों को भी सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। तंज कसते हुए नेताओं ने कहा कि ‘आप’ सरकार अब जनता की आवाज सुनने के बजाय सख्त रवैया अपना रही है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कांग्रेस नेताओं ने गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को बेहद गंभीर बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। बस स्टैंड चौक पर घंटों चले इस उग्र प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।
Source link
गुलजार सिंह सुसाइड केस में कांग्रेस का आंदोलन तेज:लुधियाना में पुतला जलाकर वित्तमंत्री चीमा की बर्खास्तगी व गिरफ्तारी की मांग
