![]()
बेतिया के नौतन प्रखंड की पूर्वी नौतन पंचायत के वार्ड नंबर छह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-12 की सेविका पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शनिवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने केंद्र के सामने प्रदर्शन कर मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में प्रदीप गिरी, ओमप्रकाश यादव, जंग बहादुर यादव, जितेंद्र यादव, बिजू पासवान समेत कई ग्रामीण शामिल हुए। तय समय पर नहीं खुलता आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नहीं खुलता है। सेविका समय से केंद्र नहीं पहुंचती हैं और कई बार केंद्र बंद भी रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों और लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। बच्चों को नियमित नहीं मिलता पोषाहार ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर नामांकित बच्चों को मिलने वाला पोषाहार, अंडा और दूध भी नियमित रूप से नहीं दिया जाता है। वहीं गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाली सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। हाजिरी में भी अनियमितता का आरोप ग्रामीणों का दावा है कि बच्चों की उपस्थिति कागजों पर दर्ज की जाती है, जबकि वास्तविकता में कई बच्चे केंद्र पर नहीं आते हैं। इसके अलावा सेविका पर ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी ग्रामीणों ने बताया कि मामले को लेकर ब्लॉक बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। दूसरे केंद्रों पर भी मिलीं अनियमितताएं ग्रामीणों के अनुसार, जांच के दौरान क्षेत्र के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अनियमितता सामने आई। केंद्र संख्या-185 सुबह करीब साढ़े दस बजे तक बंद मिला। वहीं केंद्र संख्या-218, 219 और 103 पर सहायिकाएं अनुपस्थित पाई गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि सहायिकाओं की अनुपस्थिति के कारण केंद्र पर मौजूद बच्चों को नाश्ता और भोजन भी नहीं मिल सका। कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड मुख्यालय पर धरना ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। सीडीपीओ बोलीं- जांच के बाद होगी कार्रवाई इस संबंध में सीडीपीओ संध्या कुमारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित सेविका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बेतिया में आंगनबाड़ी सेविका पर केंद्र बंद रखने का आरोप:पोषाहार नहीं मिलने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सीडीपीओ बोले-'जांच के बाद कार्रवाई'
