![]()
गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से तरबगंज तहसील क्षेत्र के बहादुरपुर समेत कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बहादुरपुर गांव में जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गोंडा-बलरामपुर से भाजपा एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह और कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि सोनू सिंह पहुंचे। दोनों ने 1000 से ज्यादा बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। घरों में पानी भरने से बढ़ी परेशानी बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों के घरों में पानी भरा हुआ है। इससे रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाने में भी लोगों को परेशानी हो रही थी। राहत सामग्री मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन और एमएलसी का आभार जताया। बाढ़ पीड़ितों को लाई, आलू, मच्छरदानी, टॉर्च, तिरपाल, टब, मग्गा समेत घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री दी गई। लोगों ने बताया कि इससे उन्हें कुछ दिनों तक जरूरी सामान के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। एमएलसी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण राहत सामग्री वितरण से पहले एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं और राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित इलाकों में आने-जाने के लिए नाव की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। साथ ही बाढ़ में फसल खराब होने वाले किसानों को आर्थिक मुआवजा देने और नदी की कटान में खेत गंवाने वाले किसानों को भी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बोले- तटबंध बन जाता तो नहीं बनती ऐसी स्थिति एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह ने कहा कि उनका क्षेत्र लंबे समय से बाढ़ से प्रभावित होता रहा है। उन्होंने कई बार यहां तटबंध बनाने की मांग की है, लेकिन अभी तक तटबंध का निर्माण नहीं हुआ है। उनका कहना है कि यदि तटबंध बन जाता तो क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित लोग यहां पहुंचे हैं और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने प्रशासन से राहत कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। सांसद प्रतिनिधि बोले- लगातार जारी है राहत कार्य कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि सोनू सिंह ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से लगातार लंच पैकेट और राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। राहत कार्यों की लगातार निगरानी भी की जा रही है।
Source link
गोंडा में 1000 बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री:एमएलसी ने नाव, फसल और कटान प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के दिए निर्देश
