![]()
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे खास अभियान के तहत बद्दी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 52.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) बरामद किया है। दोनों मामलों में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पहले मामले में बद्दी थाना की टीम ने साई रोड अमरावती क्षेत्र में गुप्त सूचना पर नाकाबंदी की। इस दौरान पंजाब नंबर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को जांच के लिए रोका गया। आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (27) निवासी हारटा तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर पंजाब और दानिश असलम सिरवाल (25) निवासी किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल के हैंडल पर लटके हेलमेट के अंदर से 42.86 ग्राम चिट्टा और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे मामले में 12 सितंबर को बरोटीवाला पुलिस की टीम ने भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के पास मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के मीटर हेड वाइजर के अंदर छिपाकर रखा 9.21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अजय कुमार (21) निवासी पट्टा, डाकघर कट्टल तहसील रामशहर जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि नशा तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और नशा तस्करों को पकड़ा जा रहा है।
Source link
सोलन में तीन नशा तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने 52.07 ग्राम चिट्टा, 6.16 ग्राम ICE किया बरामद, पंजाब-कश्मीर के आरोपी कश्मीर से लाते थे ड्रग
