Headlines

राजधानी के सुभाष फाटक पर दर्दनाक हादसा:खड़े लोडिंग वाहन में बाइक घुसी, 21 वर्षीय युवक की मौत, दो घायल




एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष फाटक के पास रविवार शाम तेज रफ्तार एक बाइक खड़े ऑटो लोडिंग वाहन में पीछे से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 21 वर्षीय युवक रघुराज ठाकुर की मौके पर गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना शाम करीब 6 बजे सुभाष फाटक के पास एस.के. फर्नीचर के सामने हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़े ऑटो लोडिंग वाहन को बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी 21 वर्षीय रघुराज ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे में कुल दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। एफआईआर में मृतक के परिजनों ने बताया है कि सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे, जहां उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवारों ने पीछे से ऑटो लोडिंग वाहन में टक्कर मार दी थी। एमपी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी और क्या इसमें लापरवाही के अन्य पहलू भी शामिल थे। विवेचक ने बताया कि घायलों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *