Headlines

निजी क्लिनिक में सर्जरी के बाद महिला की मौत:संचालक पर लापरवाही का आरोप, बोर्ड-बैनर उखाड़कर भागे परिजन; एकंगरसराय में शव रखकर सड़क जाम




एकंगरसराय (नालंदा) में एक निजी क्लिनिक में भर्ती 19 साल की महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद एकंगरसराय में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने न्यू संविधान अस्पताल के संचालक मंटू कुमार पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के खड्डी लोदीपुर गांव निवासी गुड्डू पासवान की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। उसका नवजात बच्चा सुरक्षित है। परिजनों ने बताया कि काजल को प्रसव के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकंगरसराय में भर्ती कराया गया था। वहां से रेफर होने के बाद उसे न्यू संविधान क्लिनिक में भर्ती किया गया। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह क्लिनिक में उसकी सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद शुक्रवार रात तक काजल और बच्चा दोनों ठीक थे, लेकिन शनिवार से काजल की तबियत खराब होने लगी। परिजनों का कहना है कि हालत बिगड़ने पर क्लिनिक संचालक ने एंबुलेंस से काजल को पटना के संविधान अस्पताल भेजा। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। काजल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। वे शव को एंबुलेंस से लेकर एकंगरसराय पहुंचे और न्यू संविधान क्लिनिक के सामने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि संचालक ने क्लिनिक में लगे पोस्टर, बैनर और बोर्ड हटाए और मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर वहां से भाग गया।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने शव वाली एंबुलेंस और टूटे बिजली के खंभे को सड़क पर रखकर बिहारशरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग को घंटों तक जाम रखा। लोग डॉक्टर को मौके पर बुलाने और मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को समझाने की कोशिश की। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि महिला की मौत पटना में हुई है, इसलिए जांच वहीं होगी। काफी कोशिश के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने परिजनों को डॉक्टर के खिलाफ आवेदन देने और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। मृतका के ससुर संजय पासवान ने बताया कि सीएचसी से रेफर होने के बाद काजल को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मामले की सही जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *