Headlines

बांदा में लोडर ने साइकिल सवार युवक को रौंदा, मौत:मवई बाईपास पर सिक्स लेन पर हुआ हादसा, ड्राइवर को ग्रामीणों ने पकड़ा




बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र में सुबह 10 बजे एक सड़क हादसे में 18 साल के युवक की मौत हो गई। मवई बाईपास के पास सिक्स लेन पर एक लोडर ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान तिंदवारी थाना क्षेत्र के भुजरख निवासी 18 वर्षीय अंशु वर्मा के रूप में हुई है। अंशु अपने पिता नंदकिशोर वर्मा का बेटा था। उसके रिश्तेदार किशन ने बताया कि अंशु साइकिल से शौच के लिए गया था। वह मवई बाईपास के पास सिक्स लेन से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार लोडर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोडर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी सदर यातायात सौरभ सिंह ने मीडिया सेल के जरिए घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *