Headlines

हनुमानगढ़ में पिता-पुत्र ने पीट-पीटकर की हत्या:शराब पीने के बाद हुए विवाद में लाठी-डंडों से ली जान, आरोपी गिरफ्तार




हनुमानगढ़ सदर थाना इलाके में हत्या का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने पिता के साथ मिलकर अपने ही साथ काम करने वाले दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक अमित कुमार और आरोपी राजेश नायक एक ही जगह काम करते थे। काम से लौटते समय दोनों ने साथ शराब पी। इसी दौरान किसी मामूली बात पर उनमें झगड़ा हो गया। आरोपी राजेश नायक ने अपने पिता धन्नाराम को मौके पर बुला लिया। पिता-पुत्र ने लाठी-डंडों से अमित की बुरी तरह पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सदर थानाधिकारी राजीव रॉयल ने बताया कि मृतक अमित कुमार 3 यूटीएस का रहने वाला था। आरोपी राजेश नायक और अमित कुमार दोनों हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सम्राट होटल में काम करते थे। शराब पीने के दौरान कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पिता-पुत्र राजेश नायक और धन्नाराम को पकड़ लिया। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतक के भाई त्रिलोक ने सदर थाने में हत्या का केस दर्ज करवाया है। सीआई राजीव रॉयल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी राजेश ने बताया कि अमित ने उसे थप्पड़ मारा था। इसी बात पर गुस्से में उसने पिता को बुलाकर मारपीट की। पुलिस ने घटनास्थल से एफएसएल और एमओबी टीम के जरिए सबूत जुटाए हैं। मामले की आगे जांच चल रही है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *