![]()
बोकारो के डांगरा भट्ठा टोला से 4 सितंबर को मजदूरी करने निकली केशोवती देवी की हत्या कर दी गई। रविवार को पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह बलियाबाद जंगल से पुलिस ने उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया। हत्या के बाद शव को जंगल में जमीन के अंदर दफना दिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला। शव की स्थिति काफी खराब थी। बताया गया कि जंगली जानवरों ने शव को नोच डाला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची से एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बेटे ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट केशोवती देवी 4 सितंबर को मजदूरी करने के लिए घर से निकली थीं। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उनके बेटे ढुल्लू शर्मा ने सेक्टर-12 थाने में मां के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला की तलाश और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने केशोवती देवी के साथ काम करने वाले दो मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के क्रम में मोहनडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी पर पुलिस का शक गहराया। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर मुस्तकीम अंसारी ने केशोवती देवी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसने पुलिस को जंगल में शव छिपाने की पूरी जानकारी दी और घटनास्थल तक ले जाकर शव दफनाने की जगह की पहचान कराई। गला घोंटकर की थी हत्या पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह 4 सितंबर को केशोवती देवी को अपने गांव मोहनडीह के जंगल में ले गया था। वहीं गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में छिपा दिया था। इसके बाद 7 सितंबर को उसने जमीन खोदकर शव को दफना दिया। कुछ समय बाद जंगली जानवरों ने शव को नोच डाला, जिससे वह क्षत-विक्षत हो गया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रांची से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
बोकारो में लापता महिला की हत्या कर शव दफनाया:आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर निकाला, रांची से पहुंची FSL टीम
